कोटखाई रेप एंड मर्डर केस: आरोपी राजू ने थाने में किया नेपाली का कत्ल

Wednesday, Jul 19, 2017 - 02:05 PM (IST)

शिमला (राजीव): कोटखाई रेप एंड मर्डर केस में पुलिस की एक बड़ी चूक सामने आई है। जहां इस मामले में गिरफ्तार किए गए सभी 6 आरोपयों को कोटखाई थाना की जेल में बंद किया गया है। इनमें से राजेंद्र सिंह उर्फ राजू नाम के आरोपी ने देर रात 12 बजे नेपाली सूरज सिंह का मर्डर कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी की गला घोंट कर हत्या की गई है। अभी यह पता नहीं चला है कि उसने इस बड़ी वारदात को अंजाम क्यों दिया। जेल में आरोपी की मौत के बाद अब मामला बिगड़ता जा रहा है।  


पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
इस घटना से कोटखाई मामले में नया मोड़ आ गया है। अब सवाल उठ रहे हैं कि नेपाली को क्यों मारा और पुलिस ने उसे बचाने में इतनी देर क्यों की। क्या यह नेपाली कुछ तथ्य बताना चाहता था, जो शायद राजू नहीं चाहता था। अब यह सवाल जांच का मुद्दा बन गया है। पुलिस थाने में कैसे एक आरोपी की हत्या हो गई और इस घटना के समय पुलिस कहां थी और क्या कर रही थी, यह भी सवाल खड़ा हो गया है। पुलिस इस मामले में पहले से ही उलझी हुई थी कि अब इस घटना ने सबको हिला कर रख दिया है।  


4 जुलाई को हुई थी लापता
4 जुलाई को 15 वर्षीय छात्रा घर लौटते समय अचानक शाम को गायब हो गई थी। पीड़िता राजू को पहले से जानती थी। वो ट्रक चलाता था और पहले भी उसने राजू से लिफ्ट ली थी। ऐसे में दोनों की जान पहचान पहले से ही थी। जिस दिन छात्रा गायब हुई उस दिन आरोपी राजू ने उसे घर छोड़ने के बहाने अपनी गाड़ी में बिठा लिया। गाड़ी में उसके कुछ दोस्त पहले से ही नशे की हालत में मौजूद थे। सामान उतारने के बहाने उन्होंने जंगल में गाड़ी रोक दी और वे गाड़ी से नीचे उतर गए। उन्होंने एक-दूसरे से बात की कि यही मौका है और ऐसा मौका दोबारा नहीं मिलेगा। वहीं गाड़ी में बैठी छात्रा इस सबसे अनजान थी। थोड़ी ही देर बाद वे वापस गाड़ी के पास लौटे और छात्रा को बाहर उतरने के लिए कहा। जब वह नहीं उतरी तो उन्होंने जबरदस्ती उसे बाहर घसीट लिया। इससे उसके कपड़े तक फट गए। कुछ पिन और कपड़े के टुकड़े भी वहां गिर गए।


मुंह दबा कर जंगल में ले गए दरिंदे 
आरोपी उसका मुंह दबा कर उसे जंगल में ले गए, जहां कंटीली झाड़ी में उसके कपड़े फाड़कर फैंक दिए। झाडिय़ों के घाव तक छात्रा के पीठ पर लग गए। वह चिल्लाने की कोशिश करती मगर नशे में धुत्त दरिंदे नहीं माने। छात्रा के शरीर पर 3 जगह दांतों से काटने तक के निशान मिले हैं। हैवानियत की हदें पार करते हुए इन्होंने बारी-बारी उससे गैंगरेप कर डाला। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि इस दौरान उन्होंने छात्रा का मुंह दबा रखा था, जिससे उसकी मौत हो गई।


छात्रा से मरने के बाद भी किया रेप 
पुलिस अंदेशा जता रही है कि छात्रा से मरने के बाद भी रेप किया गया। इसके बाद उसे वहीं नग्न हालत में फैंककर फरार हो गए। वहीं एक आरोपी जो इनमें शामिल नहीं था लेकिन वह इस घटना के बारे में सब जानता था। पुलिस ने जब उसे पकड़ा तो वह गुमराह करने लगा। सख्ती के बाद उसने बताया कि छात्रा को उसने वारदात वाले दिन राजेंद्र के साथ देखा था। इसी से पुलिस को लीड मिली। अब पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि छात्रा करीब डेढ़ माह पहले ही इस गांव में पढऩे आई थी। वह अपने मामा के साथ यहां रहती थी।


ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस ने साफ किया कि शुरू से ही इस बात का शक था कि ये अपराध किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं किया बल्कि ऐसे लोगों ने किया जो स्थानीय थे। दूसरा जिस तरह का जघन्य अपराध हुआ उसे कोई आम इंसान नहीं कर सकता है। इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल टावर के डंप भी खंगाले जिसके आधार पर पुलिस को सुबूत मिलते गए और कानून का शिकंजा आरोपियों पर कसने लगा। पुलिस ने बताया कि इस केस में टेक्निकल और साइंटिफिक एविंडेंस इक्टठा कर लिए गए हैं। साथ ही आरोपियों ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है।