कोटखाई मामले पर फिर पहुंची BJP राज्यपाल के द्वार

Friday, Jul 21, 2017 - 09:12 AM (IST)

शिमला: शिमला जिला के कोटखाई क्षेत्र में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म के बाद उसकी जघन्य हत्या करने के मामले को लेकर एक बार फिर भाजपा राज्यपाल के द्वार पहुंची। पार्टी नेताओं ने इस दौरान राज्यपाल आचार्य देवव्रत को ज्ञापन सौंपा तथा राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए सरकार की बर्खास्तगी की मांग की। भाजपा नेताओं की तरफ से यह ज्ञापन विधायक सुरेश भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त, प्रदेश सचिव त्रिलोक जम्वाल, पार्टी प्रवक्ता महेन्द्र धर्माणी, प्रदेश कोषाध्यक्ष कपिल देव सूद, शिमला नगर निगम की मेयर कुसुम सदरेट, डिप्टी मेयर राकेश शर्मा, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रमेश चोजड़, नगर निगम शिमला के भाजपा पार्षद व जिला एवं मंडल भाजपा के पदाधिकारियों की तरफ से सौंपा गया। 


एस.आई.टी. की पूरी टीम को बर्खास्त करने की मांग
भाजपा नेताओं ने ज्ञापन में छात्रा की हत्या के बाद हिमाचल पुलिस के अधिकारियों जिसमें शिमला जिला के पुलिस अधीक्षक सहित एस.आई.टी. की पूरी टीम को बर्खास्त करने की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि इस घटना से पूरा हिमाचल व्यथित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास नागरिकों के जानमाल और जीवन की रक्षा की कोई गारंटी नहीं है। उन्होंने कहा कि मौजूदा घटना को देखते हुए सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। भाजपा ने सी.बी.आई. से इस मामले की समयबद्ध जांच करवाने की मांग की। भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई है कि राज्यपाल इस बारे जल्द आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएंगे।


21 जुलाई को जिलों में पुतले फूंकने सहित प्रदर्शन करेगी भाजपा
भाजपा ने 21 जुलाई को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने के अलावा मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने का निर्णय लिया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने बताया कि पार्टी शुक्रवार को जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है जिस कारण अपराध की घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं। इससे आम आदमी की जान-माल और इज्जत पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने और शीघ्र विधानसभा चुनाव करवाने की मांग की।