कोटखाई केस में आरोपी के मर्डर के बाद बवाल, पथराव- हवाई फायरिंग और फूंक डाला थाना

Wednesday, Jul 19, 2017 - 04:24 PM (IST)

शिमला: एक तरफ जहां कोटखाई थाने में हुए मर्डर से पुलिस के हाथ-पांव फूले हुए थे वहीं दूसरी तरफ लोगों का गुस्सा भड़क गया। बड़ी तादाद में लोग कोटखाई थाने के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। इसके बाद लोगों का गुस्सा बढ़ता गया और कुछ ही देर में पत्थरबाजी शुरू हो गई। लोगों ने न सिर्फ थाने की इमारत पर पत्थर मारे बल्कि पुलिस कर्मियों को भी निशाना बनाया। पथराव में दो पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं। बताया यह भी जा रहा है कि भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने तीन राउंड फायर भी कर डाले। इसके बाद तितर-बितर हुए लोग एक बार फिर प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद इक्ट्ठा हुए लोगों ने कोटखाई थाने में आग लगा दी। 



ठियोग थाने पर भी पथराव
कोटखाई का गुस्सा ठियोग तक पहुंच गया है। यहां भी कोटखाई केस के आरोपी के मर्डर के बाद लोग बड़ी तादाद में इकट्ठा हो गए। लोगों ने पहले यहां पर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की फिर थाने पर पत्थराव कर दिया। ठियोग में भी तनाव के हालात बने हुए हैं। इसके अलावा फागू में भी लोगों ने चक्का जाम कर दिया है।