गुड़िया केस में अब सामने आएगी सच्चाई, पांचों आरोपी उगलेंगे सच

Sunday, Sep 17, 2017 - 10:55 AM (IST)

शिमला: गुड़िया केस की अब सच्चाई सामने आएगी। सी.बी.आई. को उम्मीद है कि यह सच्चाई कोई और नहीं पुलिस के हाथों पकड़े गए 5 आरोपी उगलेंगे। ऐसा संभव होगा नार्को, ब्रेन मैपिंग और लाई डिटैक्टर टैस्ट से। ये तीनों टैस्ट गुजरात के गांधीनगर में होंगे। इसके लिए आरोपियों को शनिवार सुबह शिमला से दिल्ली ले जाया गया। वहां से इनको ट्रेन के जरिए गुजरात पहुंचाया जाएगा। इनके वहां 18 से 30 तारीख तक टैस्ट होंगे। इस दौरान सी.बी.आई. के कई अधिकारी लैब में मौजूद रहेंगे। टैस्ट के दौरान वे आरोपियों से लंबी-चौड़ी पूछताछ करेंगे। ये वे आरोपी हैं जिनको पुलिस ने गिरफ्तार किया था। 


गुड़िया केस में सुराग हाथ लगने के पूरे आसार 
बताया जा रहा है कि इनके डी.एन.ए. टैस्ट के नमूनों का गुड़िया से मिलान नहीं हुआ है। अगर ये असली आरोपी नहीं है तो वे कौन हैं, इस बारे में अब बड़ा सुराग हाथ लगने के पूरे आसार हैं। जांच की दिशा और दशा टैस्ट से तय होगी। ये आरोपी 2 महीने पहले पकड़े गए थे। रिमांड पूरा होने के बाद इनको न्यायिक हिरासत में कैथू जेल में रखा गया था। बाद में सैंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया। इसी जेल में सूरज की हवालात में हुई हत्या मामले के आरोपी 8 पुलिस वाले भी हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों के लिए अलग से डी ब्लाक बनाया गया। जेल प्रशासन के मुताबिक ऐसा इसलिए किया गया ताकि ये आपस में न झगड़ें।


सी.बी.आई. ने लिखा था पत्र
सूत्रों के अनुसार सी.बी.आई. ने सैंट्रल जेल प्रशासन को पत्र लिखा था। इसमें कहा गया था कि एस.आई.टी. 5 आरोपियों के गांधीनगर में 3 तरह के टैस्ट करवाना चाहती है, इसलिए उन्हें यहां से गुजरात भेजने की इजाजत दी जाए। शनिवार को पांचों आरोपियों को सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच बस के माध्यम से दिल्ली ले जाया गया। गुड़िया केस की हाईकोर्ट में 21 सितम्बर को सुनवाई होगी। उस दिन सी.बी.आई. जांच के लिए और वक्त मांग सकती है। 21 तारीख को 2 महीने पूरे हो जाएंगे। 


आरोपियों का ब्रेन मैपिंग टैस्ट करवाने का दिया था हवाला
पिछली सुनवाई में सी.बी.आई. ने आरोपियों का ब्रेन मैपिंग टैस्ट करवाने का हवाला दिया था। तब अहमदाबाद ले जाने की बात कही गई थी। इससे पहले निचली अदालत से टैस्ट करवाए जाने की इजाजत मांगी गई थी। कोर्ट ने यह इजाजत दे दी थी। आशीष चौहान शराल, हलाईला, राजेंद्र उर्फ राजू उम्र 32 गांव हलाईला, मूल रूप से मंडी के जंजैहली का रहने वाला। सुभाष विष्ट पौड़ी गढ़वाल, उम्र 42 साल, लोकजन उर्फ छोटू उम्र 19 नेपाल, दीपक उर्फ दीपू उम्र 38 पौड़ी गढ़वाल। छठा आरोपी सूरज उम्र 29 साल की कोटखाई थाने में हत्या हो गई थी।