कोटखाई केस : संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ कर सकती है CBI

Friday, Jul 28, 2017 - 01:17 AM (IST)

शिमला: नामजद आरोपियों से पूछताछ पूरी होने के बाद अब सी.बी.आई. संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ कर सकती है। जांच एजैंसी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिन 2 संदिग्ध युवकों से पुलिस ने पूछताछ की थी अब उनकी बारी आएगी। इस सिलसिले में एक टीम कोटखाई के हलाईला गई है। इसकी अगुवाई महिला पुलिस अधिकारी कर रही हैं। इस अधिकारी को तेजतर्रार माना जाता है। पुलिस की एस.आई.टी. में किसी भी महिला अधिकारी को शामिल नहीं किया था। सी.बी.आई. के अधिकारियों ने बुधवार देर रात रेलवे बोर्ड बिल्डिंग में हिमाचल ब्रांच में 4 आरोपियों से कड़ी पूछताछ की थी। देश की सर्वोच्च जांच एजैंसी की इस बिल्डिंग में ब्रांच है। हालांकि यहां से किसी भी अधिकारी को एस.आई.टी. में शामिल नहीं किया गया है लेकिन स्टाफ पूरा सहयोग कर रहा है। 

ठियोग कोर्ट में पेश किया था आरोपी आशू 
इससे पहले दिन को आरोपी आशीष चौहान उर्फ आशू को ठियोग कोर्ट में पेश किया गया था। वीरवार को अन्य 4 आरोपियों को भी ठियोग की ही स्थानीय अदालत में पेश किया गया था। पांचों आरोपी अब जेल में रहेंगे। इनकी पहले चरण की पूछताछ पूरी हो गई है। अब इस पूछताछ में निकली वारदात की कहानी को जांच में वैरीफाई किया जाएगा। इसी संबंध में एक टीम कोटखाई गई है। सी.बी.आई. सूत्रों के अनुसार गुडिय़ा गैंगरेप व मर्डर मामले में यह टीम महिलाओं सहित कई लोगों से पूछताछ कर सकती है। सूत्रों का कहना है कि टीम एक आरोपी को जरूर ले गई थी। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

पुलिस अधिकारियों से भी होगी पूछताछ
सी.बी.आई. केस के सिलसिले में हिमाचल पुलिस के अधिकारियों से भी पूछताछ करेगी। पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल ने गुडिय़ा रेप व मर्डर मामले की जांच के लिए एस.आई.टी. गठित की थी। सूत्रों का कहना है कि केस से जुड़े तमाम अधिकारियों से अलग-अलग पूछताछ हो सकती है। पुलिस केस का रिकार्ड पहले ही सी.बी.आई. को सौंप चुकी है।

2 संदिग्धों का मैडीकल
पुलिस ने 2 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इनका शिमला में मैडीकल हुआ था। इनके डी.एन.ए. टैस्ट के सैंपल भी लिए गए थे। अभी इन टैस्ट की रिपोर्ट नहीं आई है। जांच एजैंसी इसकी रिपोर्ट जल्द हासिल कर सकती है। सोशल मीडिया में कई फोटो वायरल हुए थे। बाद में मुख्यमंत्री के फेसबुक अकाऊंट पर भी ये फोटो अपलोड किए गए थे। सी.बी.आई. संबंधित अधिकारियों से भी पूछताछ कर सकती है।  

मामा के बयान किए दर्ज
सी.बी.आई. की टीम ने फिर से दांदी जंगल में दस्तक दी है। टीम ने वीरवार को स्पॉट विजिट किया। इस दौरान गुडिय़ा के मामा मौजूद रहे। सी.बी.आई. ने उनके बयान दर्ज किए हैं। उनसे पहले भी पूछताछ हो चुकी है। शव को सबसे पहले उन्होंने ही देखा था। छह जुलाई को सुबह करीब सात बजे उन्होंने शव देखा था। पुलिस को मौके पर आते आते कई घंटे लग गए थे। शुरूआती जांच कोटखाई पुलिस ने की। बाद में राज्य पुलिस ने एस.आई.टी. गठित की थी।