कोटखाई मामला : HC की फटकार के बाद अब CBI ने यहां डाला डेरा

Friday, Aug 18, 2017 - 10:55 PM (IST)

शिमला: हाईकोर्ट की फटकार के बाद सी.बी.आई. ने शुक्रवार को पीटरहॉफ से अपना बेस कैंप उखाड़ दिया है। केंद्रीय जांच एजैंसी सी.बी.आई. ने अब ग्रैंड होटल को अपना बेस कैंप बनाया है। यहां से ही सी.बी.आई. अब अपनी गतिविधियां चलाएगी। बता दें कि गुड़िया प्रकरण की जांच की शुरूआत में 2 दिन तक सी.बी.आई. ग्रैंड होटल में ही रुकी थी लेकिन बाद में सी.बी.आई. राज्य के अतिथि गृह पीटरहॉफ में शिफ्ट हो गई। करीब 3 सप्ताह तक सी.बी.आई. ने पीटरहॉफ को अपना बेस कैंप बनाए रखा लेकिन सी.बी.आई. पर ग्राऊंड में न जाकर जांच करने के आरोप लगने लगे हैं। लोगों में भी सी.बी.आई. के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। 

कोटखाई में भी डेरा डाल सकती है सी.बी.आई.
ग्रैंड होटल में बेस कैंप के साथ-साथ सी.बी.आई. के कुछ अधिकारी गुड़िया प्रकरण की जांच के लिए कोटखाई में भी डेरा डाल सकते हैं। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को सी.बी.आई. की एक टीम कोटखाई गई है। हाईकोर्ट के 14 दिनों में जांच पूरी करने के आदेशों पर सी.बी.आई. के सामने चुनौती होगी कि 31 अगस्त तक हर हाल में न केवल स्टेटस रिपोर्ट बल्कि पूरी जांच की रिपोर्ट कोर्ट को देनी होगी। उल्लेखनीय है कि पीटरहॉफ राज्य का अतिथि गृह है। यहां पर आमतौर पर स्टेट गैस्ट को ठहराया जाता है। हालांकि सी.बी.आई. स्टेट गैस्ट नहीं थी, फिर भी राज्य सरकार को इनके पीटरहॉफ में ठहरने का खर्च उठाना पड़ा। 

सी.बी.आई. ने एक संदिग्ध से की पूछताछ
वहीं गुड़िया से गैंगरेप व मर्डर मामले में सी.बी.आई. ने शुक्रवार को एक सदिग्ंध युवक से पूछताछ की है। इससे पहले भी सी.बी.आई. इसी युवक से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस ने भी इस युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इस युवक का डी.एन.ए. टैस्ट किया जा चुका है और इसकी फोटो भी वायरल हुई थी। अब इसकी रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है। हाईकोर्ट की फटकार के बाद सी.बी.आई. ने मामले की जांच में तेजी ला दी है। सूत्रों का दावा है कि सी.बी.आई. जल्द ही इस मामले में कुछ और संदिग्धों से पूछताछ कर सकती है।