जानिए, B.Ed. में इस बार कितने अंकों की होगी प्रवेश परीक्षा

Thursday, Apr 20, 2017 - 04:47 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आगामी 5 जून को आयोजित की जाने वाली बी.एड. की प्रवेश परीक्षा 150 अंकों की होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बी.एड. की प्रवेश परीक्षा के लिए प्रारूप तैयार कर लिया है। इस प्रारूप के तहत बी.एड. की प्रवेश परीक्षा में छात्रों से 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और सभी प्रश्न मल्टीपल चॉयस होंगे। परीक्षा में नैगेटिव मार्किंग नहीं होगी। बी.एड. में प्रवेश मैरिट के आधार पर दिया जाएगा और मैरिट के लिए क्वालीफाई करने के लिए उम्मीदवारों को न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। यानी कि प्रवेश परीक्षा में 150 में से कम से कम 53 अंक हासिल करने होंगे।

प्रश्नों को 5 भागों में बांटा
बी.एड. की प्रवेश परीक्षा के दौरान छात्रों से पूछे जाने वाले प्रश्नों को 5 भागों में बांटा गया है। प्रथम भाग में उम्मीदवारों से सामान्य ज्ञान के 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। सामान्य ज्ञान मेें मुख्य रूप से भारत व हिमाचल प्रदेश से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरे भाग में उम्मीदवारों से लैंग्वेज व कंप्रीहैंशन (हिन्दी व अंग्रेजी) के कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। तीसरे भाग में उम्मीदवारों से लॉजिकल रीजनिंग के 30 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। चौथे भाग में उम्मीदवारों से शिक्षा पर कमीशन व कमेटियों से जुड़े ज्ञान से संबंधित 20 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। 5वें व अंतिम भाग में उम्मीदवारों से टीचिंग एप्टीट्यूड व एटीट्यूड पर 20 प्रश्न पूछे जाएंगे।  

यहां स्थापित होंगे प्रवेश परीक्षा के लिए केंद्र
बी.एड. की प्रवेश परीक्षा के लिए अम्ब (ऊना), बिलासपुर, चम्बा, धर्मशाला, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, नाहन, पालमपुर, रामपुर, शिमला, सुंदरनगर, सोलन व ऊना में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।