जमीनी विवाद के चलते रसोई को लगा दी आग, महिला सहित 3 पर मामला दर्ज

Friday, Jul 20, 2018 - 06:52 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत एक व्यक्ति की जमीनी विवाद के चलते खड़पोश रसोई जला देने का समाचार प्राप्त हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के निकटवर्ती गांव उलैहड़ियां में इस घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता सिकंदर पुत्र चमारु राम निवासी गांव उलैहड़ियां, तहसील इंदौरा का अपने ही गांव के कुछ लोगों से पुराना जमीनी विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपियों ने उक्त व्यक्ति की खड़पोश रसोई को आग लगा दी। जिस समय आरोपियों ने उसकी रसोई को आग लगाई उस समय वह और उसकी पत्नी खेतों में गए हुए थे तथा उनका बेटा किसी काम से बाहर गया था जबकि उनकी बेटी घर पर थी। इतने में 3 लोग आए और रसोई वाले स्थान पर अपना कब्जा जताने लगे। इससे पहले कि वह उन्हें रोक पाती उन्होंने रसोई को आग लगा दी और देखते ही देखते आग ने पूरी रसोई जलाकर राख कर दी।


महिला सहित 3 लोगों पर मामला दर्ज
मामले के संदर्भ में जानकारी देते हुए पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा प्रभारी सुरेंद्र राणा ने बताया कि शिकायतकर्ता ने चौकी में आकर इस बारे जानकारी दी, जिस पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व साक्ष्य जुटाए। एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना इंदौरा में वीना पुत्री अच्छर सिंह, सुभाष व उसके भाई कर्म चंद पुत्र अच्छर सिंह निवासी गांव उलैहड़ियां, तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता 435 (34) के अंतर्गत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है तथा आगामी छानबीन की जा रही है।

Vijay