गैस सिलैंडर में आग लगने से रसोईघर राख, 2 लोग झुलसे

Sunday, Jan 13, 2019 - 03:29 PM (IST)

गलोड़: तहसील गलोड़ के तहत ग्राम पंचायत लहड़ा के वार्ड नं.-5 में शनिवार सुबह लगभग 8 बजे मदन शर्मा पुत्र भगत राम के घर पर गैस के नए सिलैंडर में अचानक आग लग गई। इस घटना से 2 लोग झुलस गए जबकि रसोईघर में रखा सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्थियों का कहना है कि सुबह ही 6 वर्ष की अर्शिता कमरे से निकलकर रसोई घर की ओर आई तो उसने रसोई में आग लगी देखी। इस दौरान उसने तुरंत इस बारे में अपनी माता पूजा को बताया तो उसने घर के अन्य लोगों को बुलाया।

इस दौरान सुरेश कुमार व मदन लाल ने अन्य स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग को बुझाया। आग बुझाते समय सुरेश कुमार के सिर के बाल झुलस गए तथा मदन लाल के दोनों हाथ जल गए। पीड़ित मदन लाल का कहना है कि सुबह ही गैस का नया सिलैंडर लगाया था। वहीं प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार गलोड़ विपिन कुमार सोनी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

Vijay