खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ने किया पलटवार, बोले-कांग्रेस पार्टी में मची है जबरदस्त घमासान

Tuesday, Jun 19, 2018 - 07:55 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): कांग्रेस पार्टी में जबरदस्त घमासान मचा हुआ है। कोई कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को मानने से इंकार कर रहा है तो कोई विधायक दल के नेता को ही मान्यता नहीं दे रहा है। यह बात मंगलवार को ऊना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक मुकेश अग्निहोत्री को विधायक दल के नेता ही नहीं मान रहे हैं। वीरभद्र सिंह के कार्यक्रमों में कई विधायक शामिल नहीं हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी में धड़ों की जंग जारी है।


सत्ता जाने के गम से कांग्रेसी बेहद विचलित
उन्होंने कहा कि सत्ता जाने के गम से कांग्रेसी बेहद विचलित व परेशान हैं जिसकी वजह से वे अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भाजपा के सर्वमान्य नेता हैं और वह पूरी तरह से सही दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता वीरभद्र सिंह को अनुभवी नेता करार दे रहे हैं। आखिर वीरभद्र सिंह का यह कैसा अनुभव है कि प्रदेश को उन्होंने 46 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में डुबो दिया है। उनके अनुभव ने प्रदेश की हालत को बदतर कर दिया है।


मुख्यमंत्री ने कांग्रेसियों को दिया जवाब
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को नौसिखिया करार दे रहे हैं लेकिन उसका जवाब मुख्यमंत्री ने भारत सरकार से पर्यटन के क्षेत्र में हिमाचल को 1,900 करोड़ रुपए की सौगात लाकर दिया है। यही नहीं बागवानी के क्षेत्र में 1688 करोड़ रुपए का प्रोजैक्ट भी मंजूर करवाया है। मुख्यमंत्री ने 4378 करोड़ रुपए की योजनाएं अपने 6 माह के कार्यकाल में मंजूर करवाकर इतिहास रचा है। कांग्रेसी नेता बताएं कि वीरभद्र अपने 5 साल के शासनकाल या उससे पहले कौन सी सौगात या प्रोजैक्ट हिमाचल को लेकर आए थे।


अग्निहोत्री से खुश नहीं सीनियर विधायक
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह को अधिकतर मंत्री और विधायक मुख्यमंत्री के रूप में मान्यता ही नहीं देते थे। उस समय अनेक मंत्रियों के अलग रास्ते हुआ करते थे। आए दिन कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई सड़कों पर दिखती थी। यह लड़ाई अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि अब भी सीनियर और जूनियर की जंग कांग्रेस के भीतर चल रही है। मुकेश अग्निहोत्री पहली बार विधायक दल के नेता बने हैं लेकिन उनसे सीनियर विधायक खुश नहीं हैं। शिमला में हुई कांग्रेस की बैठक से कई विधायक ही गायब थे। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को बयानबाजी के दौरान संयंम बरतने की सलाह देते हुए खुद का आकलन करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जनता का ध्यान बांटने के लिए ऐसी बयानबाजी की जा रही है। जनता को पता है कि नौसिखिया कौन है और कांग्रेस ने किस प्रकार से प्रदेश में अराजकता फैलाई।


कांग्रेस पार्टी की जनसभाएं हो रहीं फेल
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की जनसभाएं फेल हो रही हैं। लोगों का समर्थन नहीं मिल पा रहा है। टुकड़ों में बंटी कांग्रेस पार्टी के नेता झूठ व फरेब की राजनीति कर रहे हैं। हरोली हलके में डिपुओं से राशन न मिलने के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं जबकि उनके पास ऐसे दस्तावेज हैं जिसमें लोग वितरण प्रणाली से पूरी तरह खुश हैं। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार आई है तब से महंगाई कम हुई है। दालों के रेट सस्ते हुए हैं। दरअसल गरीबों की थाली तो भरी है लेकिन कांग्रेसी नेताओं और कार्यकत्र्ताओं की जो थाली खाली हुई है उससे वह विचलित हुए हैं।

Vijay