कूहलें बंद होने से किसान परेशान, डी.सी. से लगाई गुहार

Thursday, Nov 01, 2018 - 02:11 PM (IST)

धर्मशाला : सकोह में हजारों कनाल भूमि की सिंचाई करने वाली दोनों कूहलें बंद हैं। कूहलें बंद होने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है क्योंकि उक्त क्षेत्र के ज्यादातर लोग खेती पर निर्भर हैं। नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर-9 सकोह के लोगों ने उक्त विचार पार्षद सुषमा कुमारी की अगुवाई में डी.सी. कांगड़ा को ज्ञापन देने के दौरान कहे। सुषमा कुमारी सहित लोगों ने कहा कि दुंदी कूहल व चरान खड्ड से निकलने वाली कूहलों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। खनियारा की मांझी खड्ड से निकलने वाली दुंदी कूहल का निर्माण कार्य  लटका हुआ है।

बरसात के कारण गिरे ल्हासों की वजह से ये कूहलें भर चुकी हैं। लोगों ने कहा कि पिछली सरकार के समय 60 लाख रुपए से कूहल निर्माण का कार्य होना था लेकिन वह भी लटका हुआ है। उन्होंने उक्त कार्य को जल्द करवाने की मांग की है। जोङ्क्षगद्र, त्रिलोकनाथ, हरिकृष्ण, उत्तम चंद, भगवान दास, पुष्पा देवी, राजकुमारी, रीता देवी, चंपा देवी, सवित्री देवी, मीरा देवी व नीलम आदि ने कहा कि हम तो पंचायत में ही खुश थे लेकिन उस समय यह कहा गया था कि नगर निगम में आने के बाद क्षेत्र का विकास होगा लेकिन यहां विकास कुछ नहीं हुआ है। वार्ड पार्षद सकोह सुषमा कुमारी ने बताया कि डी.सी.कांगड़ा ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही समस्या का हल कर दिया जाएगा।

kirti