किरण रिजिजू ने दिव्यांग BSF जवानों को किया सम्मानित, 700 km साइकिल पर सफर तय पहुंचे थे मनाली

Friday, Aug 17, 2018 - 12:54 PM (IST)

मनाली: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने बी.एस.एफ. के दिव्यांग जवानों को सम्मानित किया और उनके साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं। 2 दिवसीय दौरे के दौरान राज्य मंत्री ने शिमला से मनाली पहुंचे दिव्यांग जवानों संग साइकिल रैली में भी भाग लिया। मंत्री ने आर्मी कैंट पलचान से पर्वतारोहण स्थल तक साइकिल भी चलाई।


उन्होंने कहा कि देश के सभी सीमावर्ती क्षेत्रों को सुदृढ़ करने के लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर सीमाओं को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रयास कर रही है कि रोहतांग सुरंग को समय पर तैयार किया जाए ताकि लाहौल के लोगों सहित सीमा पर बैठे प्रहरियों तक आसानी से पहुंचा जा सके।


उन्होंने कहा कि रोहतांग दर्रे के बाद बारालाचा ओर तांगलंगला दर्रे पर भी सुरंग बनाने की तैयारी शुरू कर दी है, साथ ही करगिल तक पहुंचने के लिए शिंकुला में भी सुरंग का निर्माण किया जाएगा। बी.एस.एफ. के जवान दिव्यांग होते हुए 700 किलोमीटर का सफर तय कर मनाली केपलचान पहुंचे ओर पलचान में तिरंगा फहराया। बी.एस.एफ . के इन हिम्मतवर 36 जवानों को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 5 अगस्त को शिमला से हरी झंडी देकर रवाना किया था। मनाली एस.डी.एम. रमन घरसंगी ने बताया कि अजय देवगन और जिम्मी शेरगिल ने मनाली में तिरंगे को सलामी दी।

 


 

Ekta