लंबागांव राजघराने के राजा आदित्य देव चंद कटोच का निधन, शाम को होगा अंतिम संस्कार

Thursday, Dec 30, 2021 - 12:11 PM (IST)

कांगड़ा : लंबागांव राजघराने के राजा व पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रेश कुमारी के पति आदित्य देव चंद का 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। कटोच की पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए उनके धर्मशाला स्थित आवास में रखा गया है। दोपहर बाद आज लंबागांव के कुंजेश्वर महादेव के श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बीते रोज देर शाम उनका देहांत हो गया था। उनके निधन से उनकी रियासत के लोगों व स्नेहियों में शोक है। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे। बीते रोज उनका देहांत हो गया। उनके इस तरह से चले जाने से लंबागांव रियासत में सभी उनके निकटतम लोगों में शोक है और परिवार भी सदमे में है।

उनकी पत्नी रानी चंद्रेश कुमारी धर्मशाला से विधायक रह चुकी हैं व वह कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं। चंद्रेश कुमारी वीरभद्र सिंह सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। उन्होंने हमीरपुर के बमसन से भी चुनाव लड़ा है। राजा आदित्य देव चंद कटोच का जन्म 25 दिसंबर 1943 में राजा धु्रव देव चंद कटोच के घर हुआ। आदित्य देव चंद अपनी रियासत के 488वें राजा थे, उनकी शिक्षा दीक्षा दून स्कूल देहरादून में हुई थी। राजा आदित्य देव चंद कटोच की शादी चार दिसंबर 1968 को रानी चंद्रेश कुमारी से हुई। चंद्रेश कुमारी जब चुनाव मैदान में कूदी तो आदित्य देव चंद कटोच हमेशा उनके सहायक व मार्गदर्शक बने। उनका अंतिम संस्कार आज लंबागांव स्थित कुंजेश्वर महादेव के श्मशानघाट में होगा।
 

Content Writer

prashant sharma