भ्रष्टाचारियों का कुनबा है कांग्रेस, धारा-370 भी कांग्रेस की देन: धूमल

Friday, Apr 12, 2019 - 11:41 AM (IST)

हमीरपुर (राजीव चौहान): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि चुनावों से पहले ही कांग्रेस ने अपनी हार मान ली है तथा इस बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के साथ प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा दोबारा जीत दर्ज करेगी और जीत का मार्जिन दोगुना होगा। सुजानपुर विस क्षेत्र के पनियाला, चबूतरा, झलवाणी, स्वाहल, झलेड़ी, चोरी-1 व 2 में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए धूमल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लंबे समय तक देश में राज करके भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया है। वर्तमान केंद्र सरकार के 5 साल पिछली सरकारों के 3 कार्यकालों पर भारी पड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही सही मायने में गरीब, किसान व आम आदमी की पार्टी है, इसलिए पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में लहर चली हुई है। 

उन्होंने कहा कि यह चुनाव 2 विचारधाराओं के बीच लड़ा जा रहा है। एक रास्ता राष्ट्र की सुरक्षा व भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर जाता है तो दूसरा रास्ता कांग्रेस रूपी भ्रष्टाचारी कुनबे की ओर जाता है, इसलिए जनता देशहित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा पीएम बनाने के पक्ष में अपना मतदान करे। उन्होंने कहा कि धारा-370 ने आज तक कश्मीर को भारत के साथ ठीक ढंग से जुड़ने नहीं दिया और यह देन भी पूर्व कांग्रेस सरकारों की है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि देश की बागडोर नरेंद्र मोदी को मिले, इसके लिए लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित करें, अन्यथा देश को तोड़ने वालों के हाथों सत्ता चली जाएगी और विकास की बजाय विनाश होगा। इस दौरान उनके साथ मंडलाध्यक्ष कैप्टन रणजीत सिंह, महामंत्री अनिल शामा व मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर भी मौजूद रहे।

Ekta