खाकी के लिए सैकड़ों युवा खूब बहा रहे पसीना

Monday, Aug 28, 2017 - 12:54 PM (IST)

पंडोह (मंडी): पुलिस में भर्ती के लिए नौजवान कड़ी मेहनत कर अपने सपनों को साकार करने में जुटे हुए हैं। पुलिस मैदान तृतीय वाहिनी मंडी के पंडोह में रोजाना सैकड़ों युवा मैदान में खाकी के लिए पसीना बहा रहे हैं। रविवार को सुंदरनगर तहसील के युवाओं के लिए भर्ती का आयोजन हुआ। इसमें कुल 1477 युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षण में हिस्सा लिया। इनमें से कई युवा जहां 100 मीटर दौड़ में बाहर हो गए थे तो कुछ ऊंची व लंबी कूद लगाने में असफल रहे। देर शाम तक पुलिस मैदान में युवा डटे रहे।


24 अगस्त से किया जा रहा है पुलिस कांस्टेबल की भर्ती का आयोजन
आइजी सेंटर रेंज मंडी अजय यादव ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। पुलिस विभाग द्वारा पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को बैंक की जूनियर क्लर्क की परीक्षा थी। इसके चलते कई युवा जूनियर क्लर्क की परीक्षा देने गए हुए थे। युवाओं को परीक्षा के बाद भर्ती में हिस्सा लेने की छूट दी गई थी। इससे उन्हें एक ही दिन दो-दो जगह किस्मत आजमाने का मौका मिला। उल्लेखनीय है कि 24 अगस्त से पंडोह में पुलिस कांस्टेबल की भर्ती का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन इस बार भर्ती की कवरेज से मीडिया को दूर रखा गया है। पुलिस विभाग द्वारा मीडिया को कोई जानकारी मुहैया नहीं करवाई जा रही है। इससे पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।