बारालाचा व रोहतांग दर्रे में बर्फ के बीच सैलानियों की मस्ती

Thursday, Jun 02, 2022 - 09:56 PM (IST)

केलांग  (ब्यूरो): जून महीना शुरू होते ही पर्यटन नगरी मनाली के सभी पर्यटन स्थलों में पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा है। मनाली व लाहौल के सभी पर्यटन स्थल पर्यटकों के लिए बहाल हैं। बारालाचा व रोहतांग दर्रे में पर्यटकों का मेला लगा हुआ है। पर्यटक बर्फ  के बीच साहसिक खेलों का आनंद ले रहे हैं। हर रोज 15 हजार से अधिक पर्यटक मनाली पहुंच रहे हैं। अब यह संख्या हर रोज बढ़ती जाएगी। मनाली के होटलों में कमरे एडवांस में बुक हो गए हैं। पर्यटन कारोबारियों की माने तो एडवांस बुकिंग को देखते हुए 20 जून तक पर्यटन कारोबार बेहतर रहेगा। मनाली के वन विहार में हर रोज डेढ़ हजार से अधिक पर्यटक घूमने आ रहे हैं। जिसके चलते 60 से 70 हजार के बीच वन्य प्राणी विभाग की आमदनी भी हो रही है।

वीरवार को 1200 से अधिक पर्यटक वाहनों ने रोहतांग में दस्तक दी, जबकि डेढ़ हजार के लगभग पर्यटक वाहन बारालाचा पहुंचे। मनाली से चंद्रताल व काजा की ओर भी जाने वाले पर्यटक वाहनों की आमद बढ़ गई है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि जून महीना शुरू होते ही पर्यटन कारोबार ने गति पकड़ ली है। इस महीने पर्यटन कारोबार चरम पर होगा। डी.सी. लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि घाटी में आने वाले पर्यटकों को यथा संभव सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं।

Content Writer

Kuldeep