हिमाचल में तीसरे विकल्प की तैयारी, पूर्व मंत्री रामलाल मारकंडा ने फूंका चुनावी बिगुल
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 06:44 PM (IST)
केलांग (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर तीसरे विकल्प की सुगबुगाहट तेज हो गई है। पूर्व मंत्री एवं कद्दावर नेता डॉ. राम लाल मारकंडा ने स्पष्ट कर दिया है कि वे प्रदेश में एक मजबूत 'थर्ड फ्रंट' के गठन की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा चुके हैं। हमीरपुर प्रवास के दौरान उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता वर्तमान सरकार के ढीले रवैये से नाराज है और प्रदेश को अब एक नए राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता है।
मारकंडा ने कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य सबसे पहले एक मजबूत संगठन खड़ा करना है। अब तक कुल्लू, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों का दौरा किया जा चुका है और जल्द ही वे मंडी का रुख करेंगे। उनके अनुसार एक बार संगठन मजबूत हो जाए तो जिताऊ प्रत्याशी अपने आप तैयार हो जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि वे इस मुहिम में अकेले नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के कई बड़े नेता उनके संपर्क में हैं और साथ चल रहे हैं।
पूर्व मंत्री ने खुलासा किया कि प्रदेश का भ्रमण करने और लोगों की नब्ज टटोलने के बाद नई पार्टी को विधिवत पंजीकृत कराएंगे। उनका लक्ष्य 'विनिंग कैंडिडेट्स' की तलाश कर एक ऐसा मूवमैंट तैयार करना है, जो सत्ता के पारंपरिक समीकरणों को चुनौती दे सके।
गौरतलब है कि डॉ. मारकंडा का राजनीतिक सफर काफी प्रभावशाली रहा है। वे पूर्व में पंडित सुखराम की हिमाचल विकास कांग्रेस (हिविकां) से चुनाव जीतकर धूमल सरकार में मंत्री रह चुके हैं। हालिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा से टिकट कटने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गए, लेकिन उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को काफी पीछे छोड़ते हुए अपनी ताकत का अहसास कराया था। अब थर्ड फ्रंट के जरिए वह प्रदेश की राजनीति में नया अध्याय लिखने की तैयारी में हैं।

