प्रधान सचिव राजस्व से मिले केवल सिंह पठानिया, फोरलेन संघर्ष समिति की मांगों से करवाया अवगत

Friday, Sep 10, 2021 - 11:26 AM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया ने शिमला में प्रधान सचिव राजस्व विभाग ओंकार शर्मा को शाहपुर संघर्ष समिति की मांगों को उनके समक्ष रख कर अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि सिंहुवा, द्रमन, शाहपुर, रैत से लेकर गगल तक फोरलेन बनने से जो जनता प्रभावित हो रही है तथा फोरलेन के लिए हुए नए सर्वे को लेकर जनता में भारी रोष है। इससे सिहुवा, द्रमन, शाहपुर, रैत, चंबी, राजोल, बनोई ओर कुठमा, गगल के लोग एक तरफा ही प्रभावित हो रहे है। जब कि पिछले सर्वे में दोनों तरफ  से थोड़ी-थोड़ी जमीन ली जा रही थी। इससे जनता में इतना रोष नहीं था, लेकिन राजनीतिक दबाब के कारण अब नया सर्वे करवाया गया जिससे एक तरफा ही जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है।

पठानिया ने कहा कि फोरलेन प्रभावित शाहपुर संघर्ष समितियों की जो मांगे है, उन पर विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि यू.पी.ए. की कांग्रेस सरकार ने लैंड एक्ट बिल जो पास किया था, उस वक्त फोरलेन प्रभावित लोगों को मुआवजे का प्रावधान फैक्टर 4 के अंतर्गत किया गया था, जो कि एक कनाल का लगभग 42 लाख मिलना था। उन्होंने कहा कि बिलिं्डग का लैंड एक्ट एक्युजेशन पास जो हुआ था वो पर स्क्वेयर मीटर 52 हजार की नोटिफिकेशन हुई थी। उन्होंने कहा कि इसी के आधार पर फोरलेन से प्रभावित लोगों को मुआवजा मिलना चाहिए। पठानिया ने राजस्व विभाग के सचिव से मांग की है कि कोई बीच का रास्ता निकाल कर सिहुवा से लेकर गगल तक बाजारों को उजड़ने से बचाया जाए और फोरलेन भी बने। इस मौके पर प्रदेश कांगे्रस सचिव नवनीत शर्मा, प्रधान सिहुवा अजय बबली भी मौजूद रहे।
 

Content Writer

prashant sharma