कांगड़ा रैली में केजरीवाल की माइंड गेम, आप चेहरों पर साधे रखी चुप्पी
punjabkesari.in Sunday, Apr 24, 2022 - 12:20 AM (IST)
धर्मशाला (जिनेश): शाहपुर के चंबी मैदान में हुई आम आदमी पार्टी की जनसभा में दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने संगठन को मजबूत करने की प्राथमिकता को ऊपर रखते हुए पार्टी के चुनावी चेहरों को लेकर माइंड गेम खेल दी। पहले इस रैली में आप के मुख्यमंत्री चेहरे सहित दिग्गजों की घोषणाओं की चर्चाएं जोरों पर थीं लेकिन हिमाचल में पैर जमाने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अपने पत्तों को रैली में नहीं खोला। आप में शामिल हो रहे दूसरी पाॢटयों के नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकताओं को भी स्पष्ट कर दिया कि चुनाव से पहले संगठन को मजबूती देने वालों और आम आदमी को ही चुनाव में तवज्जो दी जाएगी।
इतना ही नहीं, मंडी रैली में हिमाचल के नेताओं को जगह न मिलने पर उठी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए चंबी की रैली में सजे मंच पर अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन के अलावा हिमाचल के आप पदाधिकारियों को मान-सम्मान के साथ बिठाया गया। पार्टी सूत्रों की मानें तो मंडी व कांगड़ा में हुई आम आदमी पार्टी की जनसभाओं के बाद अब पार्टी प्रदेश में संगठन को मजबूत करने का कार्य करेगी। इन जनसभाओं को कैश करने के लिए प्रदेश में पार्टी को एक मजबूत संगठन चाहिए तथा संगठन गठन के लिए एक अंतिम कोर कमेटी की बैठक इसी महीने के अंत में होनी निश्चित हुई है तथा अगले महीने के पहले सप्ताह में पार्टी प्रदेश के नए अध्यक्ष का नाम घोषित करेगी।
सीएम के चेहरे पर अभी तक कोई विचार नहीं
पार्टी के उच्च पदाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल आम आदमी पार्टी प्रदेश में होने वाले चुनावों को देखते हुए सिर्फ संगठन की मजबूती और संगठन के विस्तार को लेकर फोकस करेगी। पार्टी पदाधिकारियों की मानें तो उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में चुनाव से डेढ़ महीने पहले ही मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा करने की गलती को फिर से नहीं दोहराया जाएगा। वहीं पंजाब की तर्ज पर ही पार्टी सीएम चेहरे की घोषणा करेगी। पार्टी फिलहाल विस्तार पर ही काम करेगी। पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि अभी तो दूसरी पाॢटयों के बेदागी नेताओं को पार्टी में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
क्या बोले हिमाचल चुनाव प्रभारी
इलैक्शन इंचार्ज हिमाचल सत्येंद्र जैन ने कहा कि फिलहाल पार्टी को मजबूत करने के लिए संगठन बनाया जाएगा ताकि पार्टी का विस्तार गांव-गांव में हो सके। पार्टी जल्द ही प्रदेशाध्यक्ष पर फैसला ले लेगी। इसके बाद और मजबूती से प्रदेश में चुनाव पर काम होगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here