लोकसभा चुनाव लड़ने पर कौल सिंह ठाकुर ने दिया बड़ा बयान, पढ़ें खबर

Friday, Sep 14, 2018 - 07:55 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि वह लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में वह मंडी संसदीय क्षेत्र से टिकट के लिए आवेदन भी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी चुनाव दूर हैं लेकिन वह लोस चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह बात कही। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्होंने हाईकमान के सभी आदेशों का पालन किया है और आगे भी जो आदेश रहेंगे, उनका वह पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान का फैसला उनके लिए सर्वोपरि है।

प्रदेश की चारों सीटें जीतने को पार्टी ने कसी कमर
बता दें कि कौल सिंह ठाकुर मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। बीते विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत होगी। इसके लिए पार्टी ने अभी से ही कमर कस ली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, ऐसे में कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही है। इसके तहत हर मुद्दे पर सरकार को घेरा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन हत्या, बलात्कार और महिला शोषण के मामले आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को घेरने के लिए कांग्रेस के पास कई मुद्दे हैं।

राजनीतिक आधार पर बंद न हों भ्रष्टाचार के केस
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामले राजनीतिक आधार पर बंद नहीं होने चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच बंद किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले की जांच में कुछ नहीं पाया जाता है तो केस बंद होना चाहिए लेकिन यदि जांच में तथ्य सामने आते हैं तो भ्रष्टाचार के मामले बंद नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने राजनीतिक आधार पर कोई केस नहीं बनाया।

Vijay