धूमल की हार पर कौल सिंह ने दिया ये बड़ा बयान, पढ़ें खबर

Saturday, Dec 23, 2017 - 11:22 PM (IST)

शिमला: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि इन विधानसभा चुनाव में यदि वह जीतते तो निश्चित तौर पर यह उनका आखिरी चुनाव होता लेकिन ताजा परिस्थितियों को देखते हुए अब भविष्य की राजनीति का फैसला द्रंग की जनता और पार्टी ही तय करेगी। उन्होंने कहा कि वह जनता और पार्टी की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में भाजपा के सी.एम. कैंडीडेट प्रेम कुमार धूमल की हार पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की हार के पीछे कहीं न कहीं आर.एस.एस. का भी हाथ रहा है। उन्होंने कहा कि यह आर.एस.एस. का बड़ा जबरदस्त कार्यक्रम था जिसके तहत नॉन आर.एस.एस. के नेताओं को हराना एकमात्र मकसद था। 

भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती का भी दिया उदाहरण 
उन्होंने प्रेम कुमार धूमल के अलावा भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि उनकी हार के भी कई कारण रहे हैं। उन्होंने अपनी व कांग्रेस दिग्गजों की हार के पीछे एक कारण कांग्रेस के ही बागियों को खड़ा करवाना बताया। इसके साथ ही एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा चुनाव लडऩे के लिए फंड न उपलब्ध करवाना भी पार्टी की हार का कारण बना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विपरीत भाजपा ने चुनावी प्रचार में पैसा पानी की तरह बहाया।  

कितने वोटों से हारेंगे यह कैसे मालूम    
उन्होंने कहा कि  यह एक बड़ा सवाल है कि द्रंग भाजपा नेताओं को पहले से ही यह कैसे मालूम था कि वह चुनाव में कितने वोटों से हारेंगे। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि उनके साथ ही प्रदेश के कई नेताओं के खिलाफ  व्यापक रणनीति के तहत कांग्रेस के ही दूसरे नेताओं को जानबूझकर चुनाव लड़वाया गया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा न किया जाता तो कांग्रेस 100 फीसदी मिशन रिपीट कर सरकार बनाती लेकिन यह अपने ही लोगों को मंजूर न हुआ।