कौल बोले- चार महीने में ही जयराम सरकार की लोकप्रियता का गिरा ग्राफ (Video)

Tuesday, May 15, 2018 - 12:40 PM (IST)

मंडी (नीरज): पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने जयराम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मात्र चार महीनों में ही उनकी लोकप्रियता का ग्राफ नीचे गिर गया है। यह बात उन्होंने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के चार महीनों के कार्यकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। आए दिन प्रदेश में मर्डर और महिलाओं के साथ अत्याचार के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि कसौली में जो गोलिकांड हुआ वो भी सरकार की लापरवाही को ही दर्शाता है। 


कौल ने कहा कि प्रदेश में महंगाई भी चरम पर है और आम लोगों को इससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महंगाई और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर बीती 11 मई से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकार के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में 23 मई को मंडी में जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की लोकप्रियता को लेकर अब भाजपा के लोग भी इस बात को मानने लग गए हैं कि उनकी सरकार की लोकप्रियता कम हो गई है। 


ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार कर्ज लेने में ही जुटी हुई है और इससे ऐसा लग रहा है कि प्रदेश आने वाले समय में पूरी तरह से कर्ज के बोझ तले डूब जाएगा। कौल ने कहा कि भाजपा के लोग कांग्रेस की सरकारों पर कर्ज लेने का आरोप लगाते हैं जबकि पूर्व की भाजपा सरकारों के समय में सबसे ज्यादा कर्ज लिया गया है। इस दौरान उनके साथ मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक शर्मा, सुंदरनगर के अध्यक्ष पवन ठाकुर, जिला परिषद की चेयरमैन चंपा ठाकुर, पूर्व प्रत्याशी जीवन सिंह और लाल सिंह कौशल सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे। 

Ekta