पूर्व MLA के भाई की मौत पर शोक व्यक्त करने बद्दी पहुंचे कौल सिंह, BJP पर साधा निशाना

Saturday, May 12, 2018 - 08:00 PM (IST)

मानपुरा: प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है व दिन-दिहाड़े मर्डर हो रहे हैं। भाजपा सरकार के 5 महीने के शासनकाल में प्रदेश में कानून व्यवस्था का यह हाल है तो 5 साल में क्या होगा। यह बात पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने बद्दी में कही। वह पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी के चचेरे भाई (हरजिंद्र बिट्टू ) जिनकी हत्या कर दी गई थी, उनके घर शोक व्यक्त करने आए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कर्ज पर चल रही है। सरकार 5 महीने में 3,000 करोड़ रुपए का ऋण ले चुकी है। प्रदेश में हर रोज मर्डर की घटनाएं हो रही हैं व सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।


प्रदेश में हर रोज बलात्कार व मर्डर की घटनाएं
उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि एक अधिकारी जो कोर्ट के ऑर्डर पर ड्यूटी दे रहा था, उसे सरेआम गोलियों से उड़ा दिया गया। बद्दी में तलवारों से एक व्यक्ति को मार दिया गया व इसके अलावा हर रोज बलात्कार व मर्डर की घटनाएं हो रही हैं। सरकार का पुलिस प्रशासन पर कोई कंट्रोल नहीं है। अगर यही स्थिति रही तो प्रदेश में आने वाले समय में हालात और भी खराब हो जाएंगे व देवभूमि में लोग आने से डरेंगे।


...तो सड़कों पर उतर कर चक्का जाम करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि उनके चचेरे भाई को तलवारों से गोद दिया गया था। पुलिस इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है व उनसे अन्य किसी भी हत्यारे का नाम उगलवा पाने में कामयाब नहीं हो पाई है। अगर जल्द बाकी हत्यारों को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे व चक्का जाम करेंगे। इस मौके पर दून ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम प्रकाश, नप अध्यक्ष मदन चौधरी, बद्दी शहरी इकाई अध्यक्ष संजीव कुमार, हरिपुर संडोली के प्रधान भाग सिंह, उपप्रधान हितेंद्र व अन्य लोग उपस्थित थे।

Vijay