जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता फेडरेशन सोलन के अध्यक्ष पद कसौली ने मारी बाजी

punjabkesari.in Monday, Jul 12, 2021 - 06:09 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता फेडरेशन सोलन (जिला सहकारी फेडरेशन) के अध्यक्ष पर कसौली ने बाजी मार ली है। सोलन को अध्यक्ष तो दूर उपाध्यक्ष की कुर्सी से भी हाथ धोना पड़ा है। कसौली भाजपा के वरिष्ठ नेता सुंदर ठाकुर जिला सहकारी फेडरेशन के अध्यक्ष बने है जबकि नालागढ़ निर्वाचन क्षेत्र के मेहरचंद ठाकुर उपाध्यक्ष बने है। जिला फेडरेशन के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए पिछले 8 महीनों से खींचतान चली हुई थी। हालांकि पहले दिन से अध्यक्ष पद के लिए सुंदर ठाकुर की अध्यक्ष पद ताजपोशी तय मानी जा रही थी क्योंकि वे पार्टी के वरिष्ठ नेता होने के साथ-साथ स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल के विश्वसनीय सेनापति है लेकिन उनकी अध्यक्षी के लिए सोलन भाजपा मंडल की ओर से चुनौती प्रस्तुत की जा रही थी। सोलन भाजपा मंडल की ओर से रजनीश पराशर, पूर्व ग्राम पंचायत प्रधान कांति स्वरूप शर्मा व अशोक ठाकुर ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की हुई थी। यही कारण था कि जिला फेडरेशन के अध्यक्ष को लेकर सहमति नहीं बन रही थी। जिला फेडरेशन के नवम्बर माह में चुनाव हुए थे। जिसमें भाजपा ने सभी 9 जोन में जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया था। सबसे बड़ी बात यह है कि 9 में से 8 जोन से भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध ही चुने गए थे। इन चुनाव में कांग्रेस का तो सूफड़ा साफ ही हो गया था।

जिला फेडरेशन की सभी 9 सीटें जीतने के बाद ही भाजपा को अपना अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनाने में करीब 8 महीने का समय लग गया। सोलन भाजपा मंडल जिला फेडरेशन के अध्यक्ष पद अपना दावा छोड़ने को तैयार नहीं था क्योंकि सभी प्रमुख पदों पर कसौली निर्वाचन क्षेत्र के नेताओं की ही ताजपोशी हो रही है। प्रदेश सरकार में कसौली के विधायक डाॅ. राजीव सैजल स्वास्थ्य मंत्री है। डाॅ. डेजी ठाकुर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष, जिला मार्केट कमेटी के अध्यक्ष संजीव कश्यप और जोगिन्द्रा सहकारी बैंक में उपाध्यक्ष यशपाल ठाकुर है। यही सभी नेता कसौली विधानसभा क्षेत्र के है। अब जिला फेडरेशन के अध्यक्ष पद अब सुंदरम ठाकुर की भी ताजपोशी हो गई है। विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार की सोलन को भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। 

हालांकि जिला फेडरेशन के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ लेकिन इसे बनाने के लिए पार्टी नेताओं को खूब पसीना बहाना पड़ा है। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पर सर्वसम्मति बनाने के लिए जिला फेडरेशन के निर्वाचित मनोनीत सदस्यों की पहले बिजली बोर्ड के विश्राम गृह में बैठक हुई। इस बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य व दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी के अलावा फेडरेशन के निर्वाचित सदस्य सुंदरम ठाकुर, मेहरचंद ठाकुर, कांति स्वरूप, दयाराम, अशोक ठाकुर, रजनीश पराशर, कृष्ण चंद शर्मा, संजीव कुमार व राम गोपाल शर्मा के अलावा आर.सी.एस. की ओर मनोनीत जसवंत सिंह, सतू देवी, सरकार की ओर से मनोनीत संदीप ठाकुर, कृष्ण वर्मा तथा बैंक की ओर से मनोनीत यशपाल ठाकुर उपस्थित हुए। इस बैठक में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को लेकर खूब खींचतान हुई लेकिन पार्टी नेता सुंदरम ठाकुर व मेहरचंद के नाम पर सहमति बनाने में कामयाब हो गए। अध्यक्ष की लड़ाई में सोलन के नेताओं के हाथ से उपाध्यक्षी भी चली गई। 

अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पर सहमति बनने के बाद सभी सदस्य भाजपा नेताओं के साथा जिला फेडरेशन के कार्यालय में पहुंचे जहां पर फेडरेशन के सबसे वरिष्ठ निर्वाचित सदस्य रामगोपाल शर्मा की अध्यक्षता में चुनाव की प्रक्रिया को शुरू किया गया जिसमें सुंदरम ठाकुर अध्यक्ष व मेहरचंद ठाकुर को उपाध्यक्ष बनाने के अलावा अशोक ठाकुर का नाम प्रदेश के नामांकित किया गया। जिला फेडरेशन के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की पिछले आठ महीने से ताजपोशी न होने के कारण काम काज प्रभावित हो रहा था। इसके कारण निदेशक मंडल की बैठक नहीं हो रही थी। जिसके कारण संस्था के कई प्रोजैक्ट लम्बित पड़े हुए थे। अब लग रहा है कि फेडरेशन को गति मिलेगी। जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता फेडरेशन सोलन के अध्यक्ष बनने के बाद अब सभी को साथ लेकर फेडरेशन के हित के लिए काम करेंगे। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को लेकर कोई खींचतान नहीं थी। कोरोना के कारण चुनाव में देरी हुई। इसको लेकर पार्टी एकजुट है। उन्हें अध्यक्ष बनाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल सहित पार्टी नेतृत्व तथा फेडरेशन के सभी सदस्यों का आभार। अब फेडरेशन के सभी लम्बित कार्यों को पूरा किया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News