वाह री पुलिस! गोलीकांड का आरोपी पकड़ने में नाकाम, CM का पुतला छुड़ाने में कामयाब (Video)

Wednesday, May 02, 2018 - 04:28 PM (IST)

ऊना/सोलन (विशाल/नरेश): सोलन जिला में मंगलवार को हुए कसौली गोलीकांड में आरोपी को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही है। बुधवार को कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला फूंकने की काफी कोशिश की लेकिन पुलिस पुतला छुड़वाने में कामयाब रही। उन्होंने कांग्रेसियों की सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस में छीनाझपटी भी हुई। बताया जा रहा है कि प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेसी सीएम का पुतला जला रहे हैं। 


ऊना
ऊना में भी विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के पुतले को लेकर कांग्रेसियों और पुलिस में खूब छीनाझपटी हुई। कांग्रेसी पुतला न फूंक सके इसके लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित भारी संख्या में पुलिस बल और दमकल विभाग की टीम मौजूद रही। कांग्रेसियों ने प्रदर्शन के बीच पुतले को आग के हवाले करना चाहा इससे पहले ही पुलिस ने पुतला छीन लिया। बाद में कांग्रेसी एक कपड़े को आग लगाकर विरोध जताने लगे लेकिन पुलिस टीम फिर उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। 


पूर्व नियोजित विरोध प्रदर्शन के लिए कांग्रेसी स्थानीय लोक निर्माण विभाग के रैस्ट हाऊस में सुबह इकट्टा हुए। इस दौरान पुतला फूंकने की भनक लगते ही भारी पुलिस दल रोटरी चौक और रैस्ट हाऊस में जमा हो गया। आधे घंटे बाद कांग्रेसी नेता कार्यकारी जिला अध्यक्ष विवेक विक्कू के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए रैस्ट हाऊस से रोटरी चौक की ओर रवाना हुए। इस दौरान कांग्रेसियों ने रोटरी चौक के पास खड़ी एक गाड़ी में से पुतला निकाला। इससे पहले की कांग्रेसी उसको आग के हवाले कर पाते पुलिस ने गाड़ी से निकाले पुतले को छीन लिया और पुतले को लेकर पुलिस कर्मी भाग निकले। इस पूरे प्रकरण की पुलिस ने साथ-साथ विडियोग्राफी भी की।

मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने से रोकने के लिए एस.डी.ए. ऊना विनय मोदी, डी.एस.पी. हैडक्वार्टर अशोक वर्मा और डी.एस.पी. हरोली कुलविंद्र सिंह भी प्रदर्शन खत्म होने तक मौका पर डटे रहे। जब तक कांग्रेसियों ने पुतला फूकने की रणनीति तैयार की तब तक अधिकारी भी रैस्ट हाऊस में ही डटे रहे और बाहर मौजूद पुलिस कर्मियों से एक-एक पल की जानकारी लेते रहे। यूं तो टिकट आबंटन के समय कांग्रेस से सभी नेताओं ने हिमाचल प्रभारी के सामने ऊना में जमकर शक्ति प्रदर्शन करते हुए हजारों की भीड़ अपने पक्ष में जुटाई थी और बड़ी-बड़ी रैलियों की शक्ल में जनसभा में पहुंचे थे। महज 19 कांग्रेसियों के सहारे विरोध प्रदर्शन किया गया और प्रदेश सरकार पर आरोप प्रत्यारोप लगाए गए। 


इस दौरान विवेक विक्कू ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत खराब है और सब कहीं अराजकता फैली हुई है। अदालत के आदेशों की पालना करते हुए अवैध निर्माण गिरवाने गई महिला अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है तो कहीं पुलिस की पिटाई की जाती है लेकिन बावजूद इसके कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती है। जयराम सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। वहीं इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर का कहना है कि नए नेताओं के जिम्मे कांग्रेस की बागडोर आई है जिसके चलते वह अति उत्साह में ऐसे प्रदर्शन कर रहे हैं। सत्ता बिन कांग्रेस तड़प रही है। पूर्व में कांग्रेस राज में माफिया राज था और प्रशासन व पुलिस का संरक्षण भी प्राप्त था। आज कार्रवाई हो रही है तो कांग्रेसियों को तकलीफ हो रही है। 


कुल्लू 
प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था व कसोली में महिला अधिकारी की हत्या के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कुल्लू में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया। इस -बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन पुलिस पुतला छुड़ाने में नाकामयाब रही। कार्यकर्ताओं ने ढालपुर चौक पर चैन बनाकर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। पार्टी कार्यालय से लेकर ढालपुर चौक तक रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा सरकार खिलाफ जमकर नारेवाजी की गई। उन्होंने कहा कि कसोली में पुलिस व प्रशासन के सामने महिला अधिकारी की गोली मारकर हत्या की गई और सरकार हाथ मलती रह गई। सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन उनके 100 दिन में ही प्रदेश में 75 रेप के मामले सामने आए हैं। असंख्य हत्याएं हो गई हैं। महिलाएं अपने आपको सुरक्षित नहीं समझ रही हैं। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है न तो कोई विकास कार्य हो रहे हैं और कानून व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा गई है। 


हमीरपुर 
हमीरपुर के गांधी चौक पर आयोजित सांकेतिक धरना प्रदर्शन में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और नादौन के विधायक ठाकुर सुखविन्द्र सिंह विषेष रूप से मौजूद रहे। प्रदर्शन में पार्टी महासचिव सुनील षर्मा, पूर्व महिला काग्रेंस राष्टीय अध्यक्ष अनीता वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानियाए जिला अध्यक्ष नरेष ठाकुर सहित सभी ब्लाकों के अध्यक्ष मौजूद रहे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार की तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज भी उठाई। नेताओं ने जहां बिगड़ती कानून व्यवस्था के जयराम को दोषी ठहराया तो वहीं उन्होंने कोर्ट के आदेशों को अमलीजामा पहनाने वाले कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा न मुहैया करवाने का आरोप भी लगाया। 


सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है और जयराम सरकार सो रही है। उन्होंने कहा कि हत्यारा सरेआम हत्या करने के बावजूद पकड़ा नहीं गया और सरकार के कुछ भी नहीं कर रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार कानून व्यवस्था में सुधार लाने में नाकाम रहती है तो पार्टी बड़े आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेगी। केंद्र सरकार तानाशाही वाला रवैया अपनाकर काम कर रही है। उन्होंने सरकार पर लोगों को बांटने के आरोप भी लगाए।


शिमला
हिमाचल के कसौली में महिला अधिकारी की हत्या को लेकर प्रदेश भर में कांग्रेस ने धरना पर्दशन कर सीएम जयराम ठाकुर का पुतला फूंका। कांग्रेस ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जयराम सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस प्रदेश महासचिव नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश में चार माह में कानून व्यस्था पूरी तरफ से चरमरा गई है। आए दिन रेप और हत्या के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कसौली में  जो घटना हुई है वो दुर्भाग्यपूर्ण है। वहां पर पुलिस के रहते एक महिला अधिकारी को सबके सामने गोली मारी गई एक व्यक्ति घायल है। ये हिमाचल में ये पहली बार ऐसी घटना हुई है कि कोई अधिकारी मोके पर जा रहा है और वहां सबके सामने गोली मारी जाती है, अधिकारी देखते रह जाते हैं। अभी तक आरोपी पकड़ा नहीं जाता है जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं।  


मंडी
सोलन जिला के कसौली में अवैध कब्जे हटाने गई महिला अधिकारी की गोली मारकर हत्या करने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए हैं। इसी बात को लेकर बुधवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करके सीएम के पुतले जलाने के साथ जमकर नारेबाजी भी की। सीएम के गृह जिला मंडी में भी जोरदार प्रदर्शन हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर में एक रोष रैली निकाली और सीएम का पुतला जलाया। गांधी भवन से जैसे ही पुतले को बाहर लाया गया तो पुलिस कर्मियों ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन कांग्रेसी कार्यकर्ता पुतले को लेकर भाग गए। 


डीसी ऑफिस के गेट के बाहर इसे आग लगा दी और यहीं पर ही सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। इसके बाद इन्होंने डीसी मंडी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान दीपक शर्मा ने आरोप लगाया कि पुतला महिला कार्यकर्ताओं के पास था और उसे पुरूष पुलिस कर्मी छुड़ाने का प्रयास कर रहे थे जबकि मौके पर कोई भी महिला पुलिस कर्मी तैनात नहीं थी। उन्होंने कहा कि आज महिला सुरक्षा की बात करने वाली सरकार के राज में महिलाओं के साथ इस प्रकार की हरकतें हो रही हैं और उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतारा जा रहा है। इन्होंने सरकार को इस विषय पर गंभीरता से सोचने की नसीहत दी है। वहीं दीपक शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार बदले की भावना से काम कर रही है।

Ekta