करवाचौथ : चांद के दीदार को रिज मैदान पर एक साथ उमड़े हजारों चांद

Saturday, Oct 27, 2018 - 09:29 PM (IST)

शिमला: राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हजारों की संख्या में महिलाओं ने चांद का दीदार कर करवाचौथ का व्रत खोला। रिज मैदान सहित स्कैंडल प्वाइंट पर काफी संख्या में विवाहित महिलाओं ने अपने-अपने पतियों के साथ पहुंचकर चांद का दीदार किया। दिन भर व्रत रखने के बाद शाम के समय महिलाओं को चांद निकलने का बेसब्री से इंतजार था और जैसे ही चांद की पहली झलक रिज मैदान व स्कैंडल प्वाइंट से दिखी  वैसे ही महिलाएं खुशी से झूम उठीं। चांद की पहली झलक 8 बजकर 09 मिनट बजे दिखी। चांद के निकलते ही महिलाओं ने पूरे रीति-रिवाज के साथ चांद को अर्घ देकर पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु की कामना कर पति के हाथों से जल पीकर अपना व्रत खोला।

महिलाओं ने दिनभर रखा निर्जला उपवास
करवाचौथ के अवसर पर महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखा और दिन ढलने के साथ व्रत की विशेष पूजा की, जिसमें करवाचौथ पूजा की थाल को सजाया जाता है। इस दौरान महिलाओं ने दिनभर व्रत रखा और सोलह श्रृंगार किया, साथ ही दिन ढलने पर व्रत कथा का पाठ किया व एक-दूसरे को सरगी व सुहागियां बांटीं। करवाचौथ के मौके पर रिज मैदान को आकर्षक लाइटों से सजाया गया था।

करवाचौथ पर्व को लेकर आयोजित किए कार्यक्रम
राजधानी में करवाचौथ पर्व को लेकल विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रम में सुहागिनों की प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें बैस्ट कपल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इन कार्यक्रमों को एन.जी.ओ. द्वारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर विदेशी पर्यटक व स्थानीय लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

मनीषा नंदा समेत कुछ महिला अधिकारियों ने ऑफिस में किया काम
अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व एवं पी.डब्लयू्.डी. मनीषा नंदा समेत कुछ अन्य महिला अधिकारी करवाचौथ के दिन भी दफ्तर में उपस्थित रहीं। हालांकि सरकार ने करवाचौथ के दृष्टिगत महिलाओं को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। वहीं निजी क्षेत्र में कार्यरत्त अधिकतर महिलाएं करवाचौथ के दिन भी दफ्तर रोजना की तरह मौजूद रहीं।

Vijay