पागल कुत्ते ने 12 लोगों को काटा, लोग डंडे लेकर दे रहे पहरा

Monday, Jan 21, 2019 - 10:11 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): पागल कुत्तों से मटौर व निकटवर्ती गांवों में भारी दहशत का माहौल है। इस आतंक के साये में जी रहे लोग बच्चों को घरों से बाहर अकेले नहीं भेज रहे हैं और गांव के लोग कुत्तों से बचाव के लिए डंडे लेकर पहरा दे रहे हैं। गांव प्रधान कै. निर्मल सिंह ने बताया कि सोमवार को लगभग 12 लोगों को एक पागल कुत्ते ने काट खाया। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इस पागल कुत्ते ने कई अन्य कुत्तों व जानवरों को भी काटा है। उन्होंने आशंका जताई है कि आने वाले समय में जिन कुत्तों को इस पागल कुत्ते ने काटा है वे भी पागल होकर लोगों के लिए परेशानी का सबब बनेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी गांव के कई दल इस पागल कुत्ते की तलाश जगह-जगह कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर इन कुत्तों पर प्रशासन ने लगाम नहीं लगाई तो लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाएगा। डा. विवेक सूद कांगड़ा एस.एम.ओ. ने बताया कि लगभग आधा दर्जन कुत्ते के काटने के मामले केवल कांगड़ा में आए हैं। तहसीलदार कांगड़ा विजय कुमार ने बताया कि अभी उनके पास इसकी सूचना नहीं आई है परंतु प्रशासन अब इसकी जानकारी लेकर जल्द ही उचित कदम उठाएगा।

Kuldeep