कांगड़ा बैंक की घाटे में चल रहीं 54 शाखाओं को या तो स्थानांतरित किया जाएगा या बंद : कुलदीप पठानिया

Thursday, Dec 28, 2023 - 11:23 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): कांगड़ा केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा है कि बैंक की घाटे में चल रही 54 शाखाओं को या तो स्थानांतरित किया जाएगा या बंद कर दिया जाएगा। हमीरपुर के बडू में कांगड़ा बैंक के 77वें साधारण अधिवेशन में भाग लेने के उपरांत कांगड़ा बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बैंक की कई शाखाओं को ऐसे स्थान पर खोल दिया गया है, जहां बैंक के ग्राहक सुगमता से नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसी शाखाओं को ऐसे स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा, जहां बैंक के ग्राहक सुगमता से पहुंच सकें, ऐसा न होने की स्थिति में उक्त शाखाएं बंद कर दी जाएंगी।  

कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि पुराने ऋण की वसूली के लिए ओटीएस 31 मार्च, 2024 तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में कुछ लोगों ने आग्रह किया था, जिसे प्रबंधन समिति से विचार-विमर्श करने के बाद 31 मार्च, 2024 तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि बैंक के 250 कर्मचारी इसी वित्तीय वर्ष में सेवानिवृत्त होंगे, जिससे बैंक का कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए सुचारू कदम उठाए जाएंगे। नई भर्ती प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि बैंक की बेहतरी के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay