कांगड़ा की सीमाएं सील, न करें प्रवेश नहीं तो किया जाएगा क्वारंटीन

Tuesday, Mar 31, 2020 - 12:15 PM (IST)

 

ज्वालामुखी(पंकज शर्मा): कांगड़ा की सीमाएं प्रशासन ने सील कर दी गई हैं अब जो भी सीमा पार करेगा उसे क्वारंटीन किया जाएगा, जिसके लिए भड़ोली में स्कूल में क्वारंटीन केंद्र बनाया गया है। यह बात एसडीएम अंकुश शर्मा ने पत्रकारों को बताई। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों को प्रशासन द्वारा उनके घर द्वार पर राशन उपलब्ध कराने की कवायद शुरू कर दी है। प्रशासन ऐसे लोगों की सूची भी चिन्हित कर रहा है जिन्हें इस कोरोना महामारी व कर्फ्यू के बीच राशन तक खरीदने के लिए पैसे नहीं बचे हैं और इन लोगों के सामने 2 वक्त की रोटी का संकट छा गया है। इस टीम में नोडल ऑफिसर, पटवारी व अन्य कर्मचारी शामिल हैं, जो गरीब परिवारों को चिन्हित करने के बाद उनके घर जाकर उन्हें कच्चा राशन प्रोवाइड करवा रहे हैं।

गरीबों को घर द्वार पर राशन पहुंचाने के लिए पुलिस टीम का भी सहयोग लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस कर्फ्यू के बीच कई जगह प्रवासी मजदूर दाने-दाने को मोहताज हो गए है। परिवार में छोटे-छोटे बच्चे भी है। प्रशासन की मदद भी इन तक अभी तक नहीं पहुंच रही थी। इस बीच यह लोग अपने राज्यों को वापिस जाने की सोच रहे है लेकिन इसकी उन्हें अनुमति नहीं मिल रही है। कुछ लोग पैदल ही अपने राज्यों को चले गए है। प्रवासी मजदूर प्रशासन से गुहार लगा रहे है कि या तो उन्हें खाने की व्यवस्था की जाए या फिर उन्हें उनके राज्यों में जाने की व्यवस्था करें। इनका दिहाड़ी लगाकर ही गुजर बसर चला हुआ था लेकिन कर्फ्यू के कारण काम बंद है। आमदनी का कोई जरिया नहीं है। अब यह मजदूर प्रशासन व स्वयंसेवी संस्थाओं से मदद की गुहार लगा रहे थे।

kirti