कलयुगी बेटे ने नहीं किया रहम, बुजुर्ग मां पर ढहाया यह जुल्म

Friday, May 05, 2017 - 10:19 PM (IST)

नादौन: एक कलयुगी बेटे ने अपनी 80 वर्षीय मां के सिर पर चिमटे से वार करके उसे बुरी तरह घायल कर दिया। फतेहपुर गांव की पीड़िता तारो देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक रसोई में अलग से खाना बनाती है। उसका पोता ऋतिक जिसके माता-पिता का देहांत हो चुका है, उसके साथ रहता है। शुक्रवार को उसकी बहू मीरा देवी उससे किसी बात को लेकर झगड़ा करने लगी। इतने में उसका बेटा सुनील कुमार आया और उसने आव देखा न ताव उसके सिर पर चिमटे से प्रहार कर दिया जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई। उसके पोते ऋतिक कुमार ने सुनील के चंगुल से उसे छुड़ाया। 

पहले भी 5-6 बार कर चुका है पिटाई
इस दौरान पहली मंजिल पर रहने वाली दूसरी बहू सुदर्शना कुमारी वहां आ गई और टैक्सी करके उसे नादौन अस्पताल ले आई। तारो देवी ने बताया कि इससे पहले भी सुनील कुमार 5-6 बार उसकी पिटाई कर चुका है। डा. सविता राणा ने बताया कि तारो देवी के सिर पर 5 टांके लगाए गए हैं। एस.एच.ओ. सतीश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।