कलियुगी पिता की करतूत, नाबालिग बेटी से किया गंदी हरकत का प्रयास

Thursday, Dec 21, 2017 - 08:28 PM (IST)

बिलासपुर: घुमारवीं से सटे अवढाणीघाट में एक कलियुगी पिता की करतूत सामने आई है। उक्त पिता द्वारा अपनी 11 साल की बेटी के साथ लंबे समय से छेड़छाड़ करने व अब दुराचार की कोशिश करने की शिकायत डी.सी. बिलासपुर ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर के पास पहुंची है। अपनी बेटी व अन्य संबंधियों को लेकर डी.सी. बिलासपुर के पास पहुंची महिला ने बताया कि उसके पति द्वारा अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुराचार करने की कोशिश की गई। 

पहले भी कई बार कर चुका है बेटी से छेड़छाड़
महिला ने बताया कि उसका पति पहले भी कई बार बेटी के साथ छेड़छाड़ कर चुका है लेकिन लोकलाज व ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के दबाव के चलते वह पहले इसकी शिकायत नहीं कर पाई, वहीं इसका विरोध करने पर उसके पति ने कई बार उसकी पिटाई भी की। उसने बताया कि उसके सास-ससुर ने भी उस पर पुलिस में शिकायत न देने का दबाव बनाया व यह धमकी भी दी कि यदि वह पुलिस के पास गई तो उसे व उसकी बेटी का जायदाद से बेदखल कर दिया जाएगा। उसने डी.सी. से इस मामले में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। डी.सी. बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर ने भी तुरंत इस विषय पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस प्रशासन को दे दिए। 

एस.पी. ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के दिए आदेश
एस.पी. बिलासपुर अंजुम आरा ने बताया कि शिकायत मिलते ही घुमारवीं थाना में आरोपी के खिलाफ महिला के बयानों के आधार पर छेड़छाड़, दुराचार के प्रयास व पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के निर्देश थाना प्रभारी को दे दिए गए हैं।