कांग्रेस सरकार ने जनता को ठगा : अनुराग ठाकुर

Monday, Sep 04, 2017 - 06:48 PM (IST)

कलरी : घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की कसारू पंचायत के गांव कसारू में घुमारवीं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में सांसद अनुराग ठाकुर बतौर मुख्यातिथि तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सूरत नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मंडलाध्यक्ष प्रताप ने की। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा की पूर्व प्रदेश सरकार ने इस वर्ग के उत्थान के लिए कई योजनाएं चलाई थीं, जिसके फलस्वरूप इस वर्ग को समाज में आगे बढऩे के कई मौके मिले थे लेकिन प्रदेश में सत्तासीन कांग्रेस सरकार ने इस वर्ग के साथ-साथ आम जनता को भी ठगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंधी, बहरी व गूंगी सरकार है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार गुंडातत्वों को संरक्षण दे रही है।

झूठ अब ज्यादा दिन नहीं ठहरेगा
इस दौरान भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि घुमारवीं के विधायक एवं सी.पी.एस. राजेश धर्माणी लोगों को गुमराह कर रहे हैं। चुनावों का समय नजदीक आता देख शिलान्यास तथा आधे-अधूरे उद्घाटन कर रहे हैं। लोगों को आदर्श विधानसभा क्षेत्र का स्वप्न दिखाने वाले सी.पी.एस. का झूठ अब ज्यादा दिन नहीं ठहरेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एस.टी. वर्ग के लोगों को केवल वोट बैंक तक ही सीमित रखा। इस मौके पर नरेंद्र ठाकुर, महेंद्र धर्माणी, नवीन शर्मा, राकेश चोपड़ा, प्रेमसागर भारद्वाज, नवीन शर्मा, जोरावर पटियाल, सुरेश ठाकुर, ऊषा ठाकुर व सुषमा ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।