Video: Kabaddi के पद्मश्री अजय ठाकुर का नालागढ़ पहुंचने पर हुआ कुछ ऐसा Welcome

Wednesday, Mar 13, 2019 - 12:09 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी पद्मश्री अजय ठाकुर को नालागढ़ की जनता ने सिर-आंखों पर बिठाया। दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों पद्मश्री सम्मान लेने के बाद अजय ठाकुर नालागढ़ पहुंचे। उनके लिए यह स्वागत समारोह आयोजित किया गया। क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व लोगों के तत्वावधान में हैरिटेज पार्क स्टेडियम में यह अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। यहां पहुंचने पर पद्मश्री अजय का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

देश के सबसे बड़े चौथे पुरस्कार पद्मश्री लेने वाले नालागढ़ के दभोटा निवासी अजय के स्वागत समारोह में नालागढ़ के विधायक लखविंदर राणा, एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा, नगर परिषद अध्यक्ष नीरू शर्मा, कामगार वेल्फेयर बोर्ड के पूर्व चेयरमैन बावा हरदीप सिंह, जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा समाजसेवी हरप्रीत सैणी सहित भारी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे। कबड्डी टीम इंडिया के कप्तान अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अजय ठाकुर को दिल्ली में आयोजित होने वाले समारोह में पद्मश्री से नवाजा गया है।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए नालागढ़ के विधायक लखविंदर राणा ने कहा कि यह पूरे इलाके के लिए गौरव का विषय है कि हल्के के दभोटा गांव का यह खिलाड़ी आज अंतर्राष्ट्रीय पटल पर इस क्षेत्र का नाम गौरवान्वित कर चुका है। वहीं देश का सबसे बड़ा चौथा पद्मश्री सम्मान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि पद्मश्री लेने वाले अजय को सरकार द्वारा पदोन्नति देने की मांग वह मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे, ताकि सरकार की ओर से भी पद्मश्री प्राप्त अजय को और तरक्की मिल सके। कामगार वेल्फेयर बोर्ड के पूर्व चेयरमैन बावा हरदीप सिंह ने कहा कि पूर्व सरकार द्वारा अजय ठाकुर को डीएसपी पद से नवाजा गया है और अब वह पद्मश्री अवार्ड से नवाजे गए है, जिसके चलते सरकार को भी उन्हें तरक्की देते हुए एएसपी के पद से नवाजना चाहिए।

Ekta