कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर को मिलेगा पद्मश्री अवार्ड, केंद्र सरकार ने Nominate किया नाम

Friday, Jan 25, 2019 - 10:38 PM (IST)

बी.बी.एन.: कबड्डी के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अजय ठाकुर को अब पद्मश्री अवार्ड से नवाजा जाएगा। अजय ठाकुर का नाम केंद्र सरकार ने इस अवार्ड के लिए मनोनीत कर दिया है। पद्मश्री आवार्ड देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। अजय ठाकुर ने कबड्डी में एक के बाद एक खिताब जीतकर विश्वभर में भारत का नाम चमकाया है और अब पद्मश्री अवार्ड मिलना बहुत गर्व की बात है। 25 जनवरी को राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अजय ठाकुर को राज्य परशुराम अवार्ड देकर सम्मानित किया, जिसमें राशि व प्रशस्ति पत्र दिया गया।

पिता छोटू राम ने प्राप्त किया अवार्ड

अजय ठाकुर का यह अवार्ड उनके पिता छोटू राम ने प्राप्त किया। हिमाचल प्रदेश के उपमंडल नालागढ़ के तहत गांव दभोटा निवासी अजय ठाकुर वर्ल्ड कप व एशियन कप के अलावा राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी में गोल्ड मैडल जीत चुके हैं। अजय ठाकुर के पिता छोटू राम पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए है व माता राजिंद्र कौर गृहिणी हैं। अजय ठाकुर की उपलब्धि से जहां पर माता-पिता बहुत खुश है, वहीं पर इलाके की जनता भी गौरवान्वित महसूस करती है। अजय ठाकुर को हिमाचल सरकार ने डी.एस.पी. बनाया है और वह आजकल मधुबन हरियाणा में ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं।

यह मैडल जीते  

 नाम   देश  वर्ष   मैडल
 एशियन इंडोर गेम्स  चाईना  2007   गोल्ड
 एशियन इंडोर गेम्स  कोरिया  2013  गोल्ड
 एशियन गेम्स  कोरिया   2014  गोल्ड
 वर्ल्ड कप   इंडिया  2016  गोल्ड
 एशियन चैम्पियनशिप  ईरान   2017  गोल्ड
 मास्टर कप  दुबई  2018  गोल्ड
 एशियन गेम्स  इंडोनेशिया  2018  कांस्य
 नैशनल गेम्स रांची   भारत    -   गोल्ड
 नैशनल गेम्स केरला  भारत    -   कांस्य
 डिपार्टमैंटल नैशनल कर्नाटक  भारत    -  गोल्ड

क्या कहते हैं अजय ठाकुर

अजय ठाकुर ने बताया कि उनका नाम पद्मश्री अवार्ड के लिए मनोनीत हो गया है, जिसके लिए वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि माता-पिता व गुरूजनों के आर्शीवाद से उन्हें यह उपलब्धियां हासिल हो रही हैं, जिनका कर्ज वह कभी अदा नहीं कर सकते। उन्होंने बताया कि उन्हें हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरड़ी, आई.जी. हिमांशु मिश्रा सहित पुलिस विभाग का भरपूर सहयोग मिल रहा है, जिसके लिए वह उनका धन्यवाद करते हैं। उन्होंने बताया कि वह युवाओं को नशे से दूर करके खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और उनका हर प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल जीतना लक्ष्य होता है, जिसे वह कड़ी मेहनत से प्राप्त करते हैं।

Vijay