भाजपा घोषणा पत्र में जनता के हर वर्ग का रखा गया ध्यान : खन्ना

Sunday, Nov 06, 2022 - 07:47 PM (IST)

ज्वाली (ललित): हिमाचल प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत से सत्ता में आ रही है तथा जनता का समर्थन इस बात को साबित कर रहा है। यह बात हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने विधानसभा क्षेत्र ज्वाली में कही। अविनाश राय खन्ना ने कहा कि भाजपा द्वारा घोषित घोषणा पत्र में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि विकास करवाना, बेरोजगारों को रोजगार देना तथा महंगाई को खत्म करना भाजपा सरकार का मकसद है जबकि कांग्रेस का मकसद देश को लूटना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में 5 साल में अथाह विकास करवाया है। जनता के हित में कई योजनाएं चलाई गईं जिनका जनता को लाभ मिल रहा है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर को नल लगाया गया, मुख्यमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैस कनैक्शन वितरित किए गए, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के पक्के मकान बनाए गए हैं। हिमकेयर योजना का कई परिवारों को लाभ मिला है। उन्होंने जनता से मिलकर जनता की राय भी जानी जिसमें जनता ने भाजपा को मत देने की बात कही है। हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि ज्वाली से भाजपा ने संजय गुलेरिया को उम्मीदवार बनाया है तथा उनकी जीत को सुनिश्चित बनाने में जनता पूर्ण सहयोग करे ताकि ज्वाली के विकास को गति मिल सके।

Content Writer

Kuldeep