देहरा मंडल भाजपा ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र

Monday, Jul 09, 2018 - 08:55 PM (IST)

ज्वालामुखी : देहरा मंडल भाजपा ने वरिष्ठ भाजपा नेता ठाकुर रविंद्र सिंह रवि के नेतृत्व में ज्वालामुखी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मांग पत्र सौंप कर देहरा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं से अवगत करवाया। मंडल भाजपा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सौंपे मांग पत्र में सैंट्रल रोड फंड के तहत 10 करोड़ की लागत से बनने वाली देहरा से हरिपुर सड़क और देहरा शहर में 2 करोड़ 75 लाख रुपए से बिजली व्यवस्था में सुधार के जल्द शिलान्यास की मांग की। उन्होंने मांग पत्र के माध्यम से देहरा में सी.यू. के निर्माण की आधारशिला जल्द रखे जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष की। मंडल भाजपा ने क्षेत्र में कथित तौर पर किए जा रहे अनधिकृत तबादलों पर रोष व्यक्त करते हुए इस मसले में मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की मांग की। पूर्व मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों को लेकर जल्द ठोस पहल की जाएगी। इस अवसर पर देहरा मंडल के पदाधिकारी व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Kuldeep