जेपी नड्डा आज बिलासपुर में लेंगे हिमाचल भाजपा की क्लास

punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2020 - 12:05 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शनिवार को अपने बिलासपुर दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश भाजपा नेताओं से सत्ता एवं संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। चर्चा के दौरान केंद्रीय विश्वविद्यालय को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पाेरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के बीच जनसभा में हुई तल्ख टिप्पणी पर भी चर्चा की संभावना है। हालांकि पार्टी हाईकमान ने इस बारे दोनों पक्षों से बात करके मामले को लगभग सुलझा लिया है। फिर भी भविष्य में सार्वजनिक मंच पर इस तरह के विवाद की स्थिति पैदा न हो, इसको लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्देश दे सकते हैं। जगत प्रकाश नड्डा के दौरे को देखते हुए पूरा क्षेत्र भगवा रंग में रंग गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्वयं शुक्रवार को लुहणू मैदान सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा करके तैयारियों का जायजा लिया।

पार्टी सूत्रों के अनुसार नड्डा की अगवानी करने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं जाएंगे। उसके बाद वह लुहणू मैदान पहुंचेंगे, जहां पर उनका सोशल डिस्टैंसिंग के साथ स्वागत समारोह में अभिनंदन किया जाएगा। फिर उनका एम्स के निर्माणाधीन परिसर का मुआयना करने का कार्यक्रम है और उसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप के अलावा भाजपा पदाधिकारियों, मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों सहित अन्य पार्टी नेताओं के साथ दोपहर का भोजन करेंगे। इस आयोजन में शामिल होने के लिए केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पाेरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को भी बुलावा भेजा गया है।

सूत्रों के अनुसार सत्ता एवं संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा के अलावा नड्डा प्रदेश सरकार के 3 साल के कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा करेंगे, जिसमें उनके खुद शामिल होने की संभावना है। नड्डा उसके बाद बिलासपुर में अपने निजी आवास पर रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन रविवार को श्री नयना देवी जी और अपनी कुल देवी देबत मंजरी के दर्शन करने के बाद नई दिल्ली रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्वयं शुक्रवार को लुहणू मैदान सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा करके तैयारियों का जायजा लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News