जेपी नड्डा ने साधा निशाना, बोले-भाई-बहन की पार्टी बनकर रह गई है कांग्रेस

Sunday, Oct 02, 2022 - 05:18 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल भाई-बहन की पार्टी बनकर रह गई है। भाजपा को छोड़कर सभी पार्टियां परिवारवाद तक सिमट गई हैं। नड्डा रविवार को जिला मुख्यालय ऊना पर भाजपा के नए कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर पार्टी कायकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी न भारतीय रही और न इंडियन। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके 18 करोड़ सदस्य हैं जबकि कांग्रेस के 9 करोड़ ही कार्यकर्ता हैं। देश में अधिकतर राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भाजपा की जबरदस्त मौजूदगी है। नाॅर्थ ईस्ट में भाजपा से बड़े दल के रूप में वहां पर मौजूद हैं और उसकी सरकारें बनी हैं। नड्डा ने कहा कि भाजपा क्षेत्रीय दलों को समेटने की ताकत रखती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 38 वर्ष बाद रिवाज बदला है और अब फिर से लगातार भाजपा ने सरकार बनाई है। इसी प्रकार उत्तराखंड, मणिपुर में मिशन रिपीट करते हुए गोवा में हैट्रिक लगाई है। अब हिमाचल की बारी है। यहां पर कमल निशान की अगुवाई तले और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शानदार कार्य हुआ है। अब फिर से यहां पार्टी की सरकार बने।

भाजपा ने कभी कुर्सी के लिए विचार नहीं बदले
जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा विचारधारा के आधार पर नींव खड़ी है जबकि दूसरे दलों का मकसद केवल सत्ता प्राप्ति करना ही है। भाजपा ने कभी कुर्सी के लिए विचार नहीं बदले हैं और न ही गिरगिट की तरह कभी रंग बदला है। तमाम पार्टियां सिकुड़कर रह गई हैं। भाजपा ने स्थापना के समय जो विचार स्थापित किया था उसी के आधार पर आगे बढ़ने का काम किया है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई है और पूरे देश में सबका साथ सबका विकास सिद्धांत पर काम किया है। 

देश में 512 कार्यालय स्थापित करने का काम शुरू
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 में जब नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने तब यह विचार रखा गया था कि पूरे देश में पार्टी के अपने कार्यालय हों। इसी कड़ी में अमित शाह ने इसका बीड़ा उठाया और देश में 512 कार्यालय स्थापित करने का काम शुरू हुआ। हिमाचल में 17 कार्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। देश भर में 235 कार्यालय तैयार हैं। 155 पर काम चल रहा है। 

भाजपा को इस शीर्ष मुकाम तक पहुंचने में 4 पीढ़ियां खप गईं
जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा को इस शीर्ष मुकाम तक पहुंचने में 4 पीढ़ियां खप गई हैं। तब जाकर यह पार्टी यहां तक पहुंची है। भाजपा अकेली राष्ट्रीय पार्टी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 380 सीटों पर चुनाव लड़ी जिसमें से 370 पर उसकी जमानत जब्त हुई। एक और पार्टी जिसका वह कभी नाम नहीं लेते हैं उसका भी बुरा हाल हुआ। 

कार्यकर्ताओं को 5 अक्तूबर को बिलासपुर आने का दिया निमंत्रण
जेपी नड्डा ने सभी कार्यकर्ताओं को 5 अक्तूबर को बिलासपुर आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल को एम्स जैसा कई सौ करोड़ का प्रोजैक्ट देना मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। कोई दौर था जब पूरे गांव में एक मकान के लिए इंदिरा आवास योजना के तहत राशि मिलती थी तो उसे बड़ी उपलब्धि माना जाता था। उन्होंने कहा कि अब तो कितने करोड़ों मिल रहे हैं इसका कोई हिसाब ही नहीं है। उन्होंने कहा कि अच्छा काम हुआ है, ऐसे में शाबाशी देने के लिए सभी कार्यकर्ता मोदी की रैली में शामिल हों। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay