जेपी नड्डा के लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर विराम, BJP ने गुजरात से बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

Wednesday, Feb 14, 2024 - 11:15 PM (IST)

धर्मशाला/पालमपुर (सौरभ/भृगु): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को पार्टी ने इस बार गुजरात से राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। बुधवार को पार्टी मुख्यालय से जारी हुई राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची में पहले क्रमांक में गुजरात से नड्डा का नाम शामिल किया गया है। जेपी नड्डा इससे पहले वर्ष 2012 व 2018 में हिमाचल से लगातार 2 बार निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए। उनका वर्तमान कार्यकाल 2 अप्रैल 2024 को समाप्त हो रहा है। वहीं लगातार तीसरी बार राज्यसभा में जाना तय होते ही जेपी नड्डा के इस बार अपने गृह राज्य हिमाचल से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर विराम लग गया है। दिल्ली के राजनीतिक गलियारों से उठी चर्चाओं में जेपी नड्डा के मंडी या कांगड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की बात कही जा रही थी, जोकि निर्मूल साबित हुई। 

जेपी नड्डा ने बीते माह चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में मीडिया के सवालों के जवाब में पहले ही यह संकेत दे दिए थे कि वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते चुनाव लड़वाएंगे न कि खुद चुनाव लड़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबियों में शुमार नड्डा को भाजपा ने इस बार पीएम के गृह राज्य गुजरात से राज्यसभा भेजने का निर्णय गहन मंथन के बाद लिया है, जहां पार्टी दो-तिहाई से भी अधिक बहुमत से सत्ता में है। जेपी नड्डा वर्ष 2020 से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay