जेपी नड्डा ने सीएम जयराम व केंद्रीय मंत्री अनुराग के साथ किया AIIMS का निरीक्षण

Sunday, Oct 02, 2022 - 07:35 PM (IST)

बिलासपुर (राम सिंह/विशाल): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 5 अक्तूबर की बिलासपुर रैली व एम्स के उद्घाटन की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार शाम अपने गृह जिला बिलासपुर पहुंच गए हैं। नड्डा 5 अक्तूबर तक बिलासपुर में ही रहेंगे व 6 अक्तूबर को वापस प्रस्थान करेंगे। नड्डा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ हैलीकॉप्टर से शाम करीब सवा 5 बजे सीधा एम्स संस्थान के हैलीपैड पर उतरे जहां मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश चुनाव प्रभारी सौदान सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सदर विधायक सुभाष ठाकुर, विधायक जेआर कटवाल, आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान तथा जिला प्रवक्ता रोशन ठाकुर, एम्स डायरैक्टर डाॅ. वीर सिंह नेगी, डीसी बिलासपुर पंकज राय सहित अन्य एम्स अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। 

अधिकारियों से ली लोकार्पण व एम्स संस्थान संबंधी जानकारी
जेपी नड्डा ने एम्स अस्पताल का निरीक्षण कर प्रयोगशाला, इंडोर कक्ष आदि का निरीक्षण करने के दौरान अधिकारियों से लोकार्पण व एम्स संस्थान संबंधी जानकारियां लीं तथा उन्हें उचित दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री का यह काफिला सीधा परिधि गृह बिलासपुर पहुंचा जहां प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उन्होंने बैठक की। इसके बाद नड्डा रैली स्थल पर भी गए व धौलरा मंदिर में चल रहे शारदोत्सव व दुर्गा पूजा में भी शामिल हुए। नड्डा अब सोमवार को लेकव्यू कैफे में सुबह 10 बजे जिला भाजपा की बैठक भी लेंगे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay