मलेशिया वुड्बॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे ऊना के 2 खिलाड़ी

Monday, Jun 25, 2018 - 04:17 PM (IST)

जोल (नरेन्द्र) : 18 से 23 जुलाई तक मलेशिया में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय वुुड्बाल प्रतियोगिता में ऊना जिला के 2 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। देश भर से जो 30 खिलाड़ी इस खेल में अपने जौहर दिखाएंगे उनमें 4 खिलाड़ी हिमाचल के हैं। जिला ऊना के बडूही के सन्नी और टकारला के विवेक कुमार प्लस टू तक शिक्षित हैं। अभी आगे की पढ़ाई जारी है। इसी बीच वुड्बॉल के कोच मनोज कुमार के संपर्क में आए और उन्होंने ही इनकी प्रतिभा को देखते हुए तराशने का कार्य किया। कांगड़ा में प्रशिक्षण के बाद नागपुर में लगे प्रशिक्षण शिविर में वुड्बॉल की बारीकियों को सीखा। इसी के बलबूते पर अब यह दोनों खिलाड़ी मलेशिया में खेल का प्रदर्शन करेंगे।


उबड़-खाबड़ मैदानों में की प्रैक्टिस
बिना स्टेडियम और आधारभूत ढांचे के इन दोनों खिलाडिय़ों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने का सफर कोई आसान नहीं था। गांव के ही उबड़-खाबड़ स्टेडियमों में वुड्बॉल के खेल को दोनों युवाओं ने शुरू किया और अपनी मेहनत व लगन के चलते उनकी सलैक्शन पहले राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में हुई। यह दोनों मलेशिया में वुड्बॉल खेल का प्रदर्शन करेंगे। खिलाडिय़ों विवेक और सन्नी का कहना है कि ऊना जिला में न तो इस खेल को खेला जाता है और न ही यहां इसका स्टेडियम है। इसके बावजूद उन्होंने अपने कोच से इसकी बारीकियों को सीखा और यहीं के उबड़-खाबड़ मैदानों में प्रैक्टिस की है। उन्हें उम्मीद है कि वह मलेशिया में इस प्रतियोगिता को जीतकर देश के लिए सम्मान हासिल करेंगे।

Kuldeep