चम्बा-भरमौर NH पर हादसा : सीमैंट से भरी Jeep खाई में गिरी, 3 घायल

Thursday, Apr 18, 2019 - 10:03 PM (IST)

भरमौर: चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर गैहरा नामक स्थान पर एक सीमैंट से लदी बोलैरो कैंपर गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों को मैडीकल कॉलेज अस्पताल चम्बा लाया गया, जहां तीनों को भर्ती कर लिया गया है। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी गैहरा की टीम ने दुर्घटना के  कारणों का पता लगाने के लिए अपनी जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही व तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।

डंगा न होता तो रावी नदी में समा जाती गाड़ी

जानकारी के अनुसार एक बोलैरो कैंपर जब सीमैंट लेकर गैहरा की तरफ आ रही थी तो अचानक गाड़ी पर से वाहन चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते गाड़ी सड़क से सीधे नीचे जा गिरी। हाल ही में उक्त स्थान पर मौजूद सड़क के नीचे डंगा लगाया गया था, जिसके चलते उक्त डंगे के साथ टकरा कर गाड़ी वहीं रुक गई। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर उक्त स्थान पर डंगा न होता तो गाड़ी सीधे रावी नदी में समा जाती।

बली राम को आई हैं गंभीर चोटें

इस दुर्घटना में घायल होने वालों की पहचान 45 वर्षीय बली राम पुत्र प्रताप चंद निवासी गांव लूणा, 34 वर्षीय रिंकू पुत्र ऊधो राम निवासी गांव लूणा व चैन सिंह पुत्र प्रेम लाल निवासी गांव चचियां, डाकघर छतराड़ी के रूप में की गई। तीनों घायलों को लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी पहुंचाया, जहां से उन्हें मैडीकल कॉलेज अस्पताल चम्बा रैफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बली राम को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना की पुष्टि एस.पी. चम्बा डॉ. मोनिका ने की।

Vijay