Bilaspur News: फोरलेन पर चैकिंग के लिए रोकी गाड़ी...तलाशी में मिला चिट्टा, युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 04:29 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर जकातखाना चौक के समीप नाकाबंदी के दौरान एक वाहन से 7.89 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना स्वारघाट के तहत पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम जकातखाना चौक पर मौजूद थी और वाहनों की रूटीन चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक बोलेरो केंपर जीप को निरीक्षण के लिए रोका गया। जब पुलिस ने शक के आधार पर जीप की बारीकी से तलाशी ली तो चालक के कब्जे से 7.89 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान पंकज ठाकुर (36), निवासी गांव नालग, डाकघर बरमाणा, तहसील सदर व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। अब पुलिस टीम इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपी के पास यह नशीला पदार्थ कहां से आया था और वह इसे आगे किसे सप्लाई करने जा रहा था। नशे की इस खेप के मुख्य स्रोत तक पहुंचने के लिए पुलिस तस्कर के पूरे नैटवर्क को खंगालने में जुट गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

