जीन-टी शर्ट में दिखेगी कांग्रेस सेवादल की युवा ब्रिगेड, नेताओं को नहीं सिर्फ तिरंगे को करेंगे सैल्यूट

Friday, Jul 13, 2018 - 11:49 AM (IST)

हमीरपुर: कांग्रेस सेवादल अपने लक्ष्य स्वयं निर्धारित करेगा तथा अगस्त माह से सेवादल की युवा ब्रिगेड नई ड्रैस में दिखेगी। यह बात कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय मुख्य संगठक लालजी देसाई ने हमीरपुर में प्रैस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवा दल को जिस उद्देश्य के लिए बनाया गया था इसे मूल रूप में मजबूत किया जाएगा। देसाई ने कहा कि पदभार संभालने के 3 माह में वह 20 राज्यों का दौरा कर चुके हैं। वह पहली बार हिमाचल आए और हमीरपुर से उन्होंने वीरवार से दौरा शुरू किया। उन्होंने खुलासा किया कि आने वाले समय में सेवादल युवा ब्रिगेड के नाम से युवा सेवादल का गठन कर रहा है। 


यह युवा ब्रिगेड अगस्त माह से अस्तिव में आएगा। इसकी नई ड्रैस जीन व टी-शर्ट होगी, अब बदलते दौर में पैशन को फैशन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवादल अपना लक्ष्य व कार्य स्वयं निर्धारित करेगा। अब यह केवल तिरंगे को सैल्यूट करेगा, किसी नेता को नहीं। उन्होंने कहा कि माह के अंतिम रविवार को कांग्रेस सेवादल एक साथ एक हजार स्थानों पर तिरंगा फहराएगा। लालजी देसाई ने बताया कि इंदिरा जी की याद में 31 अक्तूबर को ज्यादा से ज्यादा रक्तदान कैंप लगाए जाएंगे।  उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर आर.एस.एस. का कुप्रचार है। राहुल गांधी कांग्रेस के सर्वमान्य नेता हैं। इस मौके पर जिला मुख्य संगठक मदन लाल कौंडल, ब्लाक सेवादल प्रमुख व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


आर.एस.एस. को चुनौती, भगवा नहीं तिरंगा फहराओ
देसाई ने आर.एस.एस. को चुनौती देते हुए कहा कि शाखाओं में भगवा नहीं, तिरंगा फहराओ। उन्होंने कहा कि मेरा देश मेरा गौरव नाम से देश की 100 यूनिवर्सिटी में संवाद शुरू होगा। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि वह दंगे की बात करेंगे तो हम नंगे की बात करेंगे। उनके हाथ में डंडा है तो हमारे हाथ में तिरंगा झंडा है। लालजी देसाई के मुताबिक वक्त के साथ कांग्रेस सेवादल भी बदल रहा है। अब काम नहीं तो पद नहीं, दस मतलब बस, यानी कांग्रेस सेवादल का कार्यकर्ता 10 साल ही सक्रिय कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल राजनीतिक कूड़े को भी साफ करेगा। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सेवादल छिपकर नहीं खुलकर चुनाव प्रचार करेगा।

Ekta