धर्मशाला पहुंचे नड्डा का जोरदार स्वागत, लोगों को दिया 4 सालों का लेखा-जोखा

Friday, Jun 15, 2018 - 05:09 PM (IST)

धर्मशाला (निप्पी जिनेश): केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का शुक्रवार को धर्मशाला पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नड्डा भाजपा के संपर्क फॉर समर्थन अभियान के तहत धर्मशाला क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों एव बुद्धिजीवियों से मिलने आए थे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान केन्द्रीय स्वास्थ्य ने कहा कि वह पार्टी के लिए समर्थन जुटाने आए हैं और मोदी सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रतिष्ठित लोगों के साथ सांझा कर इसे धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी के तहत उन्होंने शुक्रवार कांगड़ा जिला के प्रतिष्ठित एवं बुद्धिजीवी लोगों के साथ संपर्क किया है।


नड्डा ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान उन्हें लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। लोग मोदी सरकार के विकास कार्यों को लेकर उत्साहित हैं और देश मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़े यही लोगों की इच्छा है। उन्होंने कहा कि आज विश्व भर में भारत की छवि मजबूत हुई है और आज दुनिया भारत की ओर देख रही है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कभी भी चुनावों को देखर कार्य नहीं करते हैं बल्कि समाज व देश कि तस्वीर बदले इसलिए कार्य करते हैं। इस दौरान उनके साथ प्रदेश सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर भी मौजूद रहे। प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला में बुद्धिजीवियों व किवोटरस से मुलाकात कर नड्डा ने जनसंपर्क के बहाने पार्टी के लिए आगामी लोकसभा चुनावों के लिए माहौल तैयार किया। हालांकि भाजपा इसे संपर्क फॉर समर्थन अभियान बता रही है, लेकिन इस बहाने पार्टी आगामी लोकसभा चुनावों का रोड मैप तैयार कर रही है। 


केंद्रीय नेता लोकसभा चुनावों के लिए दिल्ली की योजना पर ग्राउंड रिपोर्ट तैयार कर प्रत्याशियों के चयन से लेकर पार्टी संबधी अन्य गतिविधियों का प्लान तैयार कर रहे हैं। भाजपा आगामी लोकसभा चुनावों के लिए सीधे केंद्र से वरिष्ठ नेता भेजकर धरातल का हाल जान रही है, जिससे आगामी योजना भी उसी आधार पर बनाई जा सके। मिशन 2019 के लिए भाजपा इस बार सिलसिलेबार सर्वे कर रही है। पार्टी अपने स्तर पर देश भर में प्रतिष्ठित लोगों से मुलाकात कर मोदी सरकार के कार्यकाल के माहौल को भांप रही है। 


हिमाचल में भले ही विधानसभा चुनावों में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला था लेकिन लोकसभा चुनावों के पहले कांग्रेस द्वारा भाजपा विरोधी अन्य दलों से हाथ मिलाकर खोले मोर्चे के बाद टीम मोदी को हिला दिया है, जिसके बाद अब टीम मोदी भी नई रणनीति व मोर्चे बंदी के तहत अपने पक्ष में माहौल बनाने कि तैयारी में जुट गई है। नड्डा से मिले सेवानिवृत आई ए एस अधिकारी के.सी शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने चार वर्षों में अच्छे निर्णय लिए है जिस कारण आज विश्व भर में भारत कि छवि मजबूत हुई है। साथ ही राष्ट्र उन्नति के पथ पर अग्रसर हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कठोर निर्णय भी लिए है जोकि किसी भी सरकार के लिए लेना आसान नहीं है। यह सरकार कि दृढ इच्छा शक्ति को दर्शाता है और उन्हें उम्मीद है कि मोदी सरकार 2019 में फिर से सत्ता में वापिसी करेगी। 
 

Ekta