जापान देखेगा हिमाचल की इस बेटी का मॉडल, राष्ट्रपति भी कर चुके हैं तारीफ

Thursday, May 17, 2018 - 02:34 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): बिलासपुर की दीपिका विकसित देशों के वैज्ञानिकों के साथ मंच सांझा करने के लिए जापान जा रही है। वह झंडूत्ता स्कूल की छात्रा है। वह जापान में अपने हिमाचल के साथ-साथ क्षेत्र का नाम रोशन करेगी। शहीद अश्विनी कुमार स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झंडूत्ता की होनहार छात्रा दीपिका 20 मई से 26 मई तक विकसित देशों के वैज्ञानिकों के साथ मंच सांझा करने के लिए जापान जा रही है। उसका मॉडल भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। 


विद्यालय परिवार, विधानसभा क्षेत्र झंडूत्ता, हिमाचल और अपने देश को इस नन्हीं वैज्ञानिका की उपलब्धि पर नाज है। दीपिका इस समय 10+1 नॉन मेडिकल की छात्रा है। 3 साल पहले उसने एक साइकिल के माध्यम से योगा, पानी लिफ्टिंग, मोबाइल चार्जिंग, बिजली उत्पादन का मॉडल विज्ञान शिक्षक दिनेश शर्मा के कुशल निर्देशन में तैयार किया था, जिसे देश की राजधानी में वैज्ञानिकों के साथ-साथ भारत के राष्ट्रपति ने भी सराहा था।


विज्ञान शिक्षक ने विद्यालय के विद्यार्थियों का आह्वान किया है कि यदि विज्ञान के क्षेत्र में कुछ नया करके दिखाना चाहते हैं तो हर प्रकार का सहयोग करने के लिए वे सदैव तत्पर रहते हैं। विद्यालय परिवार की ओर से दीपिका को 4000 येन की सहयोग राशी भी प्रदान की गई। पाठशाला में आयोजित एक सादे समारोह में नन्हीं वैज्ञानिका दीपिका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को सराहा गया विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश मनहास ने सभी शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को इस विशेष ख्याति के लिए बधाई दी है। 
 

Ekta