बर्फबारी के बीच शिकारी माता पहुंचा युवक, मैं फंस गया हूं मुझे निकालो, रात को रैस्क्यू में जुटा प्रशासन

punjabkesari.in Monday, Jan 31, 2022 - 11:41 PM (IST)

जंजैहली/गोहर (ख्यालीराम): सराज की अंतिम चोटी शिकारी माता मंदिर के आसपास में बर्फबारी के बीच एक युवक के यहां पहुंचने और पहुंचकर प्रशासन को वहां से निकालने की फरियाद का मामला सामने आया है। युवक के द्वारा फोन कॉल करते ही प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं और रैस्क्यू के लिए रवाना हो गए हैं। जानकारी के अनुसार करसोग क्षेत्र का एक 19 वर्षीय युवक अपने घर से सुबह साढ़े पांच बजे के करीब शिकारी माता धार्मिक स्थल को निकल गया। भारी बर्फबारी के बीच वह स्थल पर कैसे पहुंच गया। शाम लगभग साढ़े सात बजे एस.डी.एम. थुनाग को लड़के ने कॉल किया तथा कहा कि वह शिकारी माता के यहां गया है लेकिन यहां से बाहर नहीं निकल पा रहा है। मुझे यहां से निकाला जाए। फोन कॉल सुनते ही प्रशासन के पैरों तले जमीन खिसक गई और पुलिस को तुरंत प्रभाव से आदेश जारी किए गए कि युवक का सुरक्षित रैस्क्यू किया जाए।

पुलिस को आदेश मिलते ही जंजैहली पुलिस के 5 जवानों की एक टीम घटनास्थल को रवाना हो गई है। स्थल तक पहुंचने के लिए टीम को भारी बर्फबारी का रास्ता आड़े आ रहा है। क्योंकि रायगढ़ के आगे सड़क बंद है और रैस्क्यू में शामिल जे.सी.बी. 6 से 7 फुट तक जमा हुई बर्फ  को साफ  करने में समय ले रही है। जिस कारण रैस्क्यू टीम अभी भी लड़के से 3 कि.मी. दूर है।  बर्फबारी के बीच फंसे युवक के कॉल आने और टीम के वहां तक न पहुंचने की सूरत में एस.डी.एम. थुनाग पारस अग्रवाल रात को स्थल की ओर निकल गए हैं। ताकि युवक को हर हाल में सुरक्षित निकाला जा सके। एस.डी.एम. ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक के द्वारा कॉल करने के बाद पुलिस के जवान रवाना कर दिए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News