जंजैहली विवाद खत्म, CM जयराम ने मानी प्रदर्शनकारियों की ये मांगें (Watch Video)

Tuesday, Mar 13, 2018 - 01:16 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र में एस.डी.एम. ऑफिस को लेकर उपजा जंजैहली विवाद खत्म हो गया है। इसे लेकर सोमवार को सिराज संघर्ष मंच के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में सी.एम. के साथ करीब पौने 3 घंटे तक बैठक की। इसमें 40 दिनों से चल रहे आंदोलन को शांत करने पर सहमति बन पाई। मुख्यमंत्री ने संघर्ष मंच की मांगें मान ली हैं। इसमें 12 कार्यदिवस तक जंजैहली में एस.डी.एम. बैठने की व्यवस्था दी गई है। 


मुख्यमंत्री ने संघर्ष मंच की मांग पर आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर दर्ज केस वापस लेने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने जंजैहली के सिविल अस्पताल में चिकित्सकों के पद भरने की भी मांग की। मुख्यमंत्री ने बागाचनोगी दौरे के दौरान लंबाथाच में खुले मंच से जंजैहलीवासियों को वार्ता करने का निमंत्रण दिया था। उनके निमंत्रण पर सोमवार को ओकओवर में सुबह सवा 9 बजे बैठक शुरू हुई जो दोपहर 12 बजे तक चली। इससे पहले हाईकोर्ट के निर्णय को आधार बनाकर जयराम सरकार ने जंजैहली में एस.डी.एम. कार्यालय बंद किया था। संघर्ष मंच के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार रैड्डी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलन को वापस लिया गया है।


हाईकोर्ट के फैसले को मानने को तैयार: संघर्ष मंच 
22 दिन से स्थानीय लोग एस.डी.एम. कार्यालय को लेकर भूख हड़ताल पर थे। सोमवार को मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया है। इस दौरान एडवोकेट जनरल अशोक शर्मा भी बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने जंजैहली में एस.डी.एम. दफ्तर को लेकर हाईकोर्ट में विचाराधीन केस के कानूनी पहलुओं से संघर्ष मंच को अवगत करवाया। इस पर संघर्ष मंच ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि हाईकोर्ट का फैसला जो भी आएगा, वे उसे मानने को तैयार हैं। चाहे वह फैसला उनके पक्ष में हो या फिर खिलाफ। वे कोर्ट के फैसले का सम्मान करेंगे।