तीसरा विकल्प बनाना चाहती है जनक्रांति पार्टी, कांगड़ा लोकसभा सीट से उतारा प्रत्याशी(Video)

Thursday, Apr 04, 2019 - 03:33 PM (IST)

धर्मशाला (नृपजीत निप्पी): लोकसभा चुनावों की बेला में एक बार फिर से प्रदेश में तीसरे विकल्प का जिन बाहर निकल आया है। तीसरे विकल्प के रूप में हिमाचल जनक्रांति पार्टी ने लोकसभा चुनावों में ताल ठोकने का मन बना लिया है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से हिमाचल जनक्रांति पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष शर्मा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी की पार्लियामेंट अफेयर्स कमेटी की आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया है। शिमला, मंडी व हमीरपुर से पार्टी तीन दिन के भीतर प्रत्याशी घोषित करेगी। हिमाचल जनक्रांति पार्टी की स्वच्छ राजनीति की लड़ाई जारी रहेगी। यह बात हिमाचल जन क्रांति पार्टी के पार्लियामेंट अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन महेंद्र सिंह ने आज प्रेसवार्ता में कही। 

उन्होंने कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी प्रत्याशी सुभाष शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता तीसरे विकल्प का इंतजार कर रही है, जो हिमाचल जनक्रांति पार्टी देने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वदेशी के नाम देश व प्रदेश को कंपनी राज की ओर ले जाया जा रहा है, जो सहन नहीं किया जाएगा। वर्ष 2003 के बाद कर्मचारियों की पेंशन को बंद कर दिया गया है, जबकि विधायकों व सांसदों की पेंशन व अन्य भत्तों में वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, परिवारवाद और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 65 हजार गुरिल्ला हैं, लेकिन उनकी मांगों को हर बार नजरअंदाज किया गया है।

 

Ekta