J&K से धारा-370 हटाने पर हिमाचल में जश्न का माहौल

Monday, Aug 05, 2019 - 05:45 PM (IST)

ऊना/शिमला: केंद्र सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर पर लिए गए फैसले की ऊना जिला में जमकर सराहना हो रही है। केंद्र सरकार के निर्णय के बाद ऊना में जगह-जगह लड्डू बांट कर खुशी का इजहार किया गया। वहीँ विभिन्न वर्गों ने सरकार की कार्रवाई को ऐतिहासिक करार दिया। स्थानीय लोगों की माने तो यह निर्णय बहुत पहले हो जाना चाहिए था। लोगों की माने तो इस निर्णय के बाद जम्मू कश्मीर के विकास को गति मिलेगी वहीँ आतंकवाद पर भी लगाम लग पाएगी।  

मंडी

वहीं छात्र संगठन एबीवीपी ने जम्मू-कश्मीर पर केंद्र सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों को ऐतिहासिक बताते हुए इनका स्वागत किया है। धारा 370 समाप्त होने की खुशी में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने वल्लभ कालेज मंडी के परिसर में जमकर पटाखे फोड़े और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस जश्न में बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। एबीवीपी की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोनिका राणा ने बताया कि लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष पर आज जीत मिली है। उन्होंने कहा कि 9 जुलाई 1949 से एबीवीपी जम्मू कश्मीर में लगी धारा 370 का विरोध कर रही थी और इसके लिए आंदोलन चला रखा था जिसमें कई साथियों ने अपने प्राणों की आहूति भी दी। मोनिका ने कहा कि आज इस संघर्ष पर जीत मिली है। एबीवीपी के इकाई सह सचिव लोकेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो ऐतिहासिक निर्णय लिया है उसके के लिए केंद्र सरकार बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि भविष्य में केंद्र सरकार ऐसे जो भी जनहित के निर्णय लेगी उसमें एबीवीपी सरकार का पूरा साथ देगी।

 रामपुर

वहीं जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाए जाने की खुशी में रामपुर बुशहर के भाजपाइयों ने जश्न मनाया। रामपुर बाजार में सरकार के समर्थन में नारे लगाते हुए बताया मोदी सरकार ने एक विधि एक विधान, एक राष्ट्र एक संविधान के नारे को साकार किया है। उन्होंने कहा कि वास्तव में भारत देश मैं अब एक संविधान हुआ है। इस दौरान लोगों ने मोदी और अमित शाह को बधाई दी। और कहा 70 सालो की बीमारी को मोदी सरकार ने एक झटके में खत्म का दिया है। यह जम्मू कश्मीर में शांति कायम करने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। इसके सार्थक परिणाम जल्द देखने को मिलेंगे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की भी आलोचना की और बताया कि कांग्रेस ने इसमें समर्थन नहीं किया।

शिमला 

शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने धारा-370 व धारा-35ए0 हटाए जाने और जम्मू-कश्मीर व लद्दाख को केन्द्र शासित प्रदेश बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र का स्वर्णिम दिन है। कांग्रेस द्वारा की गई एक ऐतिहासिक भूल को सुधारते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की जनता से किए वायदे को न केवल पूरा किया बल्कि अखण्ड भारत के निर्माण की नींव रख दी है। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी इस मुद्दे को लेकर शहीद हुए थे उनका बलिदान आज काम आया है।

kirti